
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने गुरुवार को विकास खण्ड हल्द्वानी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकास खण्ड कार्यालय में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आरईएपी परियोजना कार्यालय में एक कार्मिक के अनुपस्थित पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर ही बीडीओ को अनुपस्थित कार्मिक का वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने ब्लॉक कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजन अपने कार्यों के लिए प्रायः 10 बजे से 2 बजे के मध्य कार्यालय आते हैं, इसलिए अधिकारीगण क्षेत्र भ्रमण पर 3 बजे के उपरांत ही जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन के अधिकांश कार्य ब्लॉक स्तर से ही होते हैं, अतः जनता के कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ब्लॉक स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी जब भी क्षेत्र भ्रमण पर जाएं, तो संबंधित क्षेत्र का नाम, दिनांक एवं समय भ्रमण पंजिका में अनिवार्य रूप से अंकित करें।
वन स्टॉप सेंटर के निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने वहां कार्यरत कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आमजन के कार्य सुगमता एवं संवेदनशीलता के साथ किए जाएं तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान यह भी संज्ञान में आया कि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी यशवंत बोहरा विकास खण्ड कार्यालय से भीमताल के लिए कार्यमुक्त होने के उपरांत चार्ज देने से पूर्व मेडिकल अवकाश पर चले गए हैं।
इस पर गंभीरता दिखाते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने डीपीआरओ को निर्देश दिए कि तीन दिनों के भीतर संबंधित अधिकारी का मेडिकल बोर्ड परीक्षण कराकर भीमताल में योगदान आख्या प्रस्तुत कराई जाए।
निरीक्षण के समय बीडीओ तनवीर अहमद सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









