मोटाहल्दू : भगवान के दरबार में चोरी, भक्त भी नहीं बचा !

खबर शेयर करें -

मोटाहल्दू, प्रेस 15 न्यूज। कलयुग में अब भगवान के मंदिर भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे न केवल मंदिर की संपत्ति पर हाथ साफ कर रहे हैं, बल्कि भगवान के दरबार में शरण लेने वाले भक्तों को भी अपना निशाना बना रहे हैं।

ताजा मामला मोटाहल्दू के प्राचीन शिव मंदिर का है, जहां अज्ञात चोर मंदिर का घंटा चोरी कर ले गए, वहीं मंदिर परिसर में विश्राम कर रहे एक राहगीर का मोबाइल फोन और पर्स भी उड़ा ले गए।

Ad

लालकुआं कोतवाली क्षेत्र की हल्दूचौड़ चौकी अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित प्राचीन शिव मंदिर में मंगलवार देर रात चोरी की यह घटना सामने आई।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान का एक राहगीर मंदिर परिसर में रात को विश्राम कर रहा था। सुबह उठने पर उसका मोबाइल फोन और पर्स गायब मिला। पीड़ित का कहना है कि रात करीब दो बजे से चार बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। साथ ही मंदिर में लगा घंटा भी चोर अपने साथ ले गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व भी मंदिर से पांच कलश चोरी होने और दानपात्र पर हाथ साफ किए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके आज तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो पाया है।

समाजसेवी विक्की पाठक ने कहा कि लगातार हो रही चोरियों से क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि मंदिर जैसे धार्मिक स्थल भी असामाजिक तत्वों से सुरक्षित नहीं हैं। उनका मानना है कि नशे की लत से जुड़े तत्व इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस से शीघ्र खुलासे की मांग की है।

लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद हल्दूचौड़ चौकी पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें पुलिस पर टिकी हैं कि क्या इस बार चोरों तक पहुंचा जा सकेगा या फिर यह घटना भी पूर्व की चोरियों की तरह अनसुलझी रह जाएगी।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
1
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें