यूओयू के विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत: अब घर बैठे ट्रैक कर सकेंगे अपनी किताबें

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। अब विश्वविद्यालय से भेजी जाने वाली अध्ययन सामग्री और पुस्तकों की स्थिति विद्यार्थी घर बैठे ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे।

इसके लिए मंगलवार को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय और भारतीय डाक विभाग, हल्द्वानी के बीच अगले तीन वर्षों के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) का नवीनीकरण किया गया।

Ad

एमओयू के तहत डाक विभाग ने विश्वविद्यालय को आश्वस्त किया कि वह पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ विद्यार्थियों तक अध्ययन सामग्री पहुंचाने में सहयोग करेगा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की नाम, नामांकन संख्या, पता और मोबाइल नंबर सहित पूरी जानकारी एक्सेल शीट के माध्यम से डाक विभाग को उपलब्ध कराएगा, जिससे पार्सल वितरण की प्रक्रिया और अधिक सुगम हो सके।

नई व्यवस्था के तहत डाक विभाग का वाहन प्रतिदिन विश्वविद्यालय पहुंचकर डाक और पार्सल प्राप्त करेगा। सबसे महत्वपूर्ण पहल यह है कि आगामी शैक्षणिक सत्र से प्रत्येक विद्यार्थी को पुस्तकें भेजे जाने के बाद एक ट्रैकिंग आईडी उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके माध्यम से वह अपने पार्सल की वास्तविक समय में स्थिति जान सकेगा।

विश्वविद्यालय और डाक विभाग का प्रयास है कि विश्वविद्यालय से डिस्पैच होने के बाद अध्ययन सामग्री अधिकतम पांच दिनों के भीतर विद्यार्थियों के घर तक पहुंच जाए। इससे दूरदराज क्षेत्रों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को समय पर पुस्तकें उपलब्ध हो सकेंगी और उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी।

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी, एमपीडीडी निदेशक प्रो. पी. डी. पंत, कुलसचिव खेमराज भट्ट, पोस्टमास्टर चंदन बिष्ट, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव नरेश शर्मा, सहायक निदेशक डॉ. दीपांकुर जोशी, डॉ. घनश्याम जोशी, आईसीटी विभाग से राजेंद्र गोस्वामी तथा नंदन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

यह पहल विद्यार्थियों को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें