
रानीखेत, प्रेस 15 न्यूज। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दो शादियों के सच को छिपाने और पारिवारिक उलझनों से बचने के लिए एक पति ने अपनी ही मौत का नाटक रच डाला। उसने पहाड़ की खाई में अपनी स्कूटी फेंककर हादसे का रूप देने की कोशिश की, जिससे पुलिस 19 दिनों तक जंगलों में उसकी तलाश करती रही। आखिरकार पति दिल्ली में सकुशल मिल गया।
मूलरूप से समालखा, दक्षिण दिल्ली निवासी मनोज कुमार रानीखेत में अपनी शिक्षिका पत्नी के साथ रह रहा था। आठ दिसंबर को वह इंटरव्यू का बहाना बनाकर नैनीताल गया था। शाम को कैंची धाम के पास से उसने पत्नी को फोन कर लौटने की जानकारी दी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। अगले दिन पत्नी ने पुलिस को उसकी गुमशुदगी की सूचना दी।
इसी दौरान नैनीताल रोड पर पन्याली के पास खाई में मनोज की स्कूटी बरामद हुई। स्कूटी मिलने के बाद हादसे या जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई जाने लगी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक का मोबाइल सर्विलांस पर लिया और बड़े पैमाने पर सर्च अभियान शुरू किया, जो करीब 19 दिन तक चला।
शुक्रवार को अचानक पुलिस को बड़ी सफलता तब मिली, जब मनोज के मोबाइल की लोकेशन दिल्ली के बृजवासन क्षेत्र में ट्रेस हुई।
जांच में खुलासा हुआ कि मनोज ने दिल्ली में गुपचुप तरीके से एक युवती से प्रेम विवाह किया था। पहली पत्नी मुस्लिम धर्म की है, जिससे उसका एक पुत्र है। बाद में माता-पिता ने फरवरी 2019 में उसकी शादी एक शिक्षिका युवती से करा दी, जिससे उसका दूसरा बेटा है। दोनों पत्नियां एक-दूसरे के अस्तित्व से पूरी तरह अनजान थीं।
पुलिस के अनुसार, बेरोजगारी और दो शादियों की उलझन से परेशान मनोज दूसरी पत्नी से पीछा छुड़ाना चाहता था। इसी उद्देश्य से उसने अपनी मौत का नाटक रचने की योजना बनाई। पूछताछ में सामने आया कि आठ दिसंबर को नैनीताल से लौटते समय कैंची धाम के पास उसे दिल्ली निवासी दोस्त मिल गए। इसके बाद वह पन्याली पहुंचा, जहां स्कूटी को खाई में फेंक दिया और दोस्तों के साथ दिल्ली चला गया। वहां वह लगातार होटल बदल-बदलकर छिपकर रहने लगा।
पुलिस का कहना है कि युवक अब पहली पत्नी के साथ रहने की जिद कर रहा है। वहीं उसके इस फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद पुलिस और प्रशासन को लंबे समय तक गुमराह करना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।









