
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। हल्द्वानी से सटे गौलापार क्षेत्र के सीतापुर गांव से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बुधवार शाम गेहूं के खेत में सिंचाई के दौरान करंट लगने से किसान दया किशन पांडे की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसान अपने खेत में पानी लगा रहे थे। खेत के बीच से गुजर रहे बिजली के पोल की अर्थिंग में खामी के कारण करंट पानी में फैल गया, जिसकी चपेट में आकर किसान की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों से गुजर रही विद्युत लाइनों और पोलों की अर्थिंग को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन विभाग ने कभी गंभीरता नहीं दिखाई।
विधायक ने जताई नाराजगी
सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक मोहन बिष्ट भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल से ही विद्युत विभाग के शीर्ष अधिकारियों से फोन पर बात कर नाराजगी जाहिर की। विधायक ने कहा कि घटना के काफी समय बाद तक एसडीओ और जेई मौके पर नहीं पहुंचे, जो विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
देर से पहुंचे अधिकारी, बढ़ा आक्रोश
देर शाम जब विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों का गुस्सा और भड़क उठा। ग्रामीणों ने कहा कि विभाग की लापरवाही और उदासीन रवैये के कारण आज एक किसान को अपनी जान गंवानी पड़ी। यदि समय रहते अर्थिंग की समस्या का समाधान कर दिया गया होता, तो इस दर्दनाक हादसे को टाला जा सकता था।
घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और खेतों से गुजर रही विद्युत लाइनों की तत्काल जांच व सुधार की मांग की है।









