नैनीताल में गजब कहानी! चोरों की निगरानी कैमरे ने की, गिरफ्तारी जनता ने!

खबर शेयर करें -

नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल में सड़क किनारे खड़े वाहनों से महीनों से पेट्रोल-डीजल चोरी कर रहे गिरोह को आखिरकार पुलिस ने नहीं, बल्कि जागरूक स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दिलचस्प बात यह है कि चोरों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद हो रही थीं और इसकी सूचना भी पुलिस तक पहुंची थी, लेकिन कार्रवाई का इंतजार करते-करते क्षेत्रवासियों को ही पुलिस की भूमिका निभानी पड़ी।

मार्च माह से सीआरएसटी स्कूल के पीछे वाले मार्ग पर खड़े वाहनों से पेट्रोल चोरी होने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसके अलावा शहर के अन्य रिहायशी इलाकों में भी वाहनों से पेट्रोल-डीजल, स्टेपनी, बैटरी और अन्य सामान गायब होने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। पिछले दिनों बाइक से बड़ी मात्रा में पेट्रोल चोरी होने के बाद परेशान लोगों ने वहां सीसीटीवी कैमरा लगवा दिया।

Ad

कैमरे ने चोरों की करतूत का राज खोल दिया। फुटेज में तड़के दो युवक बाइक से पहुंचकर वाहनों से तेल चोरी करते साफ दिखाई दिए। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस को इसकी सूचना भी दी गई, लेकिन चोरों पर शिकंजा कसने के बजाय मामला चलता रहा। मल्लीताल रिक्शा स्टैंड से जिला परिषद होते हुए मॉल रोड जाने वाले मार्ग पर भी ऐसी घटनाओं की शिकायतें पहले सामने आ चुकी थीं।

जब पेट्रोल चोरी का सिलसिला नहीं थमा तो क्षेत्रवासियों ने तय किया कि अब ‘पुलिस का इंतजार’ नहीं, खुद पहरा दिया जाएगा। बुधवार रात लोगों ने घेराबंदी कर दी। जैसे ही कैमरे में संदिग्ध युवक नजर आए, क्षेत्रवासियों ने मोर्चा संभाल लिया।

चार युवक बाइक और स्कूटी से पहुंचे थे। लोगों ने उन्हें घेर लिया। संघर्ष के बाद एक युवक को दबोच लिया गया, जबकि उसके तीन साथी भागने में सफल रहे। पकड़े गए युवक के पास से पांच लीटर की कई बोतलें और जरीकेन मिले, जिनमें तेल भरा हुआ था। आरोपियों के इस्तेमाल में लाई गई आर्मी लिखी बाइक संख्या यूके-04 एएल-4318 भी मौके पर मिली।

इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर मल्लीताल कोतवाली ले गई। अब पुलिस फरार तीन आरोपियों की तलाश के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि पिछले कई महीनों में हुई तेल चोरी की घटनाओं में इनकी कितनी भूमिका है।

पीड़ित अर्जुन ने बताया कि उनकी बाइक से कई बार पेट्रोल चोरी हो चुका था। चोरों को पकड़ने के लिए क्षेत्रवासियों ने कई रातें जागकर निगरानी की। आखिरकार बुधवार रात उनकी मेहनत रंग लाई और एक आरोपी रंगेहाथ पकड़ लिया गया।

नैनीताल में इस पूरे घटनाक्रम ने एक सवाल जरूर खड़ा कर दिया है जब सीसीटीवी कैमरा चोरों को पहचान सकता है, तो पुलिस की नजर कब पड़ेगी?

(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें