
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। दिव्यांग बच्चों की सेवा, शिक्षा और सम्मानजनक भविष्य के लिए समर्पित सेवालय संस्था द्वारा आयोजित “सेवालय सम्मान समारोह” भावनाओं, संवेदनाओं और प्रेरणा से भरे माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में समाजसेवी, शिक्षाविद, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं शहर के अनेक गणमान्य लोगों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उन लोगों और संस्थाओं का सम्मान करना था, जिन्होंने सेवालय के साथ जुड़कर दिव्यांग बच्चों के जीवन में उम्मीद, आत्मविश्वास और मुस्कान लाने का कार्य किया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद सेवालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।
बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और संघर्षों से भरी प्रस्तुतियों ने समारोह को भावुक बना दिया। जब बच्चों ने मंच से अपने सपनों और संघर्षों को साझा किया तो कई अतिथियों की आंखें नम हो गईं।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि सेवालय ने अपने दो वर्षों के सफर में तमाम चुनौतियों के बावजूद दिव्यांग बच्चों के लिए शिक्षा, संस्कार, देखभाल और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर कार्य किया है। संस्था का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि बच्चों को समाज में सम्मान और समान अवसर दिलाना है।
समारोह के दौरान विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, सहयोगियों एवं समाजसेवियों को “सेवालय गौरव सम्मान”, “सेवालय सेवा सहयोग सम्मान” एवं “सेवालय परिवार सम्मान” से सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने सेवालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था सेवा के माध्यम से मानवता की मिसाल पेश कर रही है।
इस अवसर पर पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के संस्थापक एवं समाजसेवी गुंजन तिवारी ने बेहद भावुक संबोधन देते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चे किसी की सहानुभूति नहीं, बल्कि समाज के विश्वास और अवसर के हकदार हैं। जब ये बच्चे मुस्कुराते हैं तो लगता है जैसे ईश्वर स्वयं आशीर्वाद दे रहा हो।
समाजसेवी गुंजन तिवारी ने कहा कि सेवालय केवल बच्चों की देखभाल नहीं कर रहा, बल्कि उन सपनों को सहारा दे रहा है जिन्हें अक्सर समाज अनदेखा कर देता है। हम सभी की जिम्मेदारी है कि इन बच्चों को ऐसा माहौल दें, जहां इन्हें कभी खुद को कमजोर महसूस न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि समाज में वास्तविक बदलाव तभी आएगा जब हर व्यक्ति संवेदनशील होकर ऐसे बच्चों के साथ खड़ा होगा और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने में अपनी भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान सेवालय की भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की गई। संस्था द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए आवासीय सुविधा, आधुनिक शिक्षा, चिकित्सा सहायता, कौशल विकास केंद्र एवं खेल मैदान जैसी योजनाओं का उल्लेख किया गया। उपस्थित लोगों ने संस्था को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
अंत में संस्था अध्यक्ष नीमा बिष्ट ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवालय एक संस्था नहीं, बल्कि उन बच्चों के सपनों का घर है जिन्हें समाज अक्सर पीछे छोड़ देता है। आप सभी के सहयोग से हम इन बच्चों के जीवन में नई रोशनी लाने का प्रयास लगातार करते रहेंगे। कार्यक्रम का संचालन रोहित जोशी द्वारा किया गया।









