अल्मोड़ा: जागेश्वर मंदिर समूह के प्रबंधक पद के लिए फिर खुले आवेदन, 8 जून अंतिम तिथि

खबर शेयर करें -

अल्मोड़ा, प्रेस 15 न्यूज। जागेश्वर धाम मंदिर समूह के प्रबंधक पद पर नियुक्ति के लिए एक बार फिर पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह प्रक्रिया माननीय उच्च न्यायालय उत्तराखंड, नैनीताल द्वारा रिट पिटीशन (पीआईएल) संख्या 64/2012 में पारित आदेशों के अनुपालन में शुरू की गई है।

प्राप्त आवेदनों में से 10 योग्य व्यक्तियों की सूची तैयार कर उत्तराखंड के राज्यपाल को भेजी जाएगी, जिनमें से एक व्यक्ति का चयन जागेश्वर मंदिर समूह के प्रबंधक के रूप में किया जाएगा।

Ad

बताया गया है कि पूर्व में भेजी गई 10 नामों की सूची को लेकर विभिन्न स्तरों पर शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसके चलते राज्यपाल स्तर पर उस सूची पर कोई निर्णय नहीं लिया गया। इसके बाद उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार नई सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार, प्रबंधक का चयन जागेश्वर धाम के निकटवर्ती राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र कोटुली और भगरतोला के चयनित गांवों के स्थायी निवासियों में से किया जाएगा।

राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र कोटुली के अंतर्गत गैराड़ गूंठ, नैकाना, चकउडियार, मन्तोला, गोठ्यूड़ा गूंठ, काना, गंधक, खालीगूंठ, लछनागूंठ, कोटेश्वर, सिरौदा, कोटुलीगूंठ, कुंजा, डिगरीगूंठ, फुलई जागेश्वर, धुरकुना, बहताण तथा फुलई अंगेठी गांव शामिल हैं।

वहीं राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र भगरतोला के अंतर्गत कपकोली, चमुवागूंठ, पपगाड़, भगरतोला, टंगणुवा, पोखरी, चमुवाखालसा, नैलपड़ और सिलंगी गांव शामिल हैं।

वर्तमान प्रबंधक का तीन वर्षीय कार्यकाल 6 अक्टूबर 2024 को समाप्त हो चुका है।

प्रबंधक पद के लिए अभ्यर्थी का हिंदू होना, गैर-राजनीतिक होना, जागेश्वर मंदिर समूह का पुजारी न होना तथा उच्च चरित्र एवं सामाजिक प्रतिष्ठा वाला होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता स्नातक या समकक्ष तथा आयु कम से कम 30 वर्ष होनी चाहिए। इसके अलावा सामाजिक क्षेत्र में कम से कम पांच वर्ष का अनुभव भी आवश्यक रखा गया है।

प्रबंधक को वर्तमान में 25 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। हालांकि उच्च न्यायालय द्वारा मूल रूप से 20 हजार रुपये मासिक मानदेय निर्धारित किया गया था, जिसे मंदिर प्रबंधन समिति की सहमति से बढ़ाने या घटाने का प्रावधान रखा गया है।

आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप पर स्वप्रमाणित दस्तावेजों के साथ 8 जून 2026 की सायं 5 बजे तक कार्यालय उप जिलाधिकारी जैती/भनोली, तहसील भनोली मुख्यालय गुरूड़ाबांज, जनपद अल्मोड़ा में जमा किए जा सकते हैं। आवेदन पंजीकृत डाक, स्पीड पोस्ट, कोरियर अथवा स्वयं उपस्थित होकर जमा किए जा सकेंगे।

आवेदन के साथ छह माह के भीतर जारी चरित्र प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, गैर-राजनीतिक होने का नोटरीयुक्त शपथ पत्र, मंदिर समूह का पुजारी न होने का तहसीलदार भनोली द्वारा जारी प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक अभिलेख संलग्न करना अनिवार्य होगा।

निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें