
रानीखेत, प्रेस 15 न्यूज। कुमाऊं रेजिमेंट केंद्र, रानीखेत में आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर प्रशासन और सेना ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 17 अगस्त से 28 अगस्त तक सोमनाथ मैदान में होने वाली भर्ती के लिए अभ्यर्थियों के ठहरने, परिवहन, पेयजल, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने भर्ती के नाम पर ठगी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में भर्ती तैयारियों का जायजा लिया गया। सेना भर्ती कार्यालय के कर्नल महेश कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों को सेना परिसर में सुबह 3:30 बजे से 6:00 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
भर्ती कार्यक्रम के अनुसार 17 अगस्त को उत्तराखंड के सभी जिलों के अग्निवीर जनरल ड्यूटी (रिलेशन) अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 19 अगस्त को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों के रिलेशन अभ्यर्थी शामिल होंगे। 21 अगस्त को ट्रेड्समैन, म्यूजिशियन और क्लर्क पदों की भर्ती तथा 23 अगस्त को अग्निवीर जनरल ड्यूटी (विशिष्ट खिलाड़ी) श्रेणी की भर्ती आयोजित की जाएगी।
इन दस्तावेजों के बिना नहीं मिलेगा प्रवेश
भर्ती अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाणपत्र, रिलेशनशिप प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, मूल निवास, चरित्र एवं अविवाहित प्रमाणपत्र, परिवार विवरण, एनसीसी/खेल प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), पिता या भाई का शपथपत्र, नाम या जन्मतिथि में अंतर होने पर शपथपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा 20 रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे। केवल निर्धारित दस्तावेजों के साथ आने वाले अभ्यर्थियों को ही भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
ठगी करने वालों पर रहेगी कड़ी नजर
प्रशासन ने भर्ती के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोहों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस और प्रशासन ऐसे असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखेंगे। साथ ही होटल, धर्मशालाओं और भोजनालयों को रेट सूची प्रदर्शित करने तथा अभ्यर्थियों से अधिक शुल्क नहीं वसूलने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन विभाग को भी निर्धारित किराया सुनिश्चित कराने के आदेश दिए गए हैं।
सेना भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे समय से पहले रानीखेत पहुंचें, सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें और किसी भी दलाल या फर्जी एजेंट के झांसे में न आएं।









