हल्द्वानी की महिलाओं के गले से मंगलसूत्र झपटने वाला रामपुर का शातिर गिरफ्तार (video)

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। शहर और आसपास के इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाकर मंगलसूत्र झपटने की वारदातों से दहशत फैलाने वाला शातिर अपराधी आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। मुखानी पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया गया है, जिसके कब्जे से चोरी का आभूषण भी बरामद हुआ है।

आरोपी का आपराधिक इतिहास न सिर्फ उत्तराखंड बल्कि उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है, जिसमें हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। गिरोह का दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

Ad

घटनाक्रम

पहला मामला

05 फरवरी को बीना पाठक पत्नी जगदीश चंद्र पाठक निवासी बिठौरिया नंबर-1, एस.आर. पुरम, ऊँचापुल, थाना मुखानी, हल्द्वानी द्वारा थाना मुखानी में तहरीर दी गई कि 04 फरवरी को दो अज्ञात व्यक्ति दुकान पर सामान खरीदने के बहाने आए और सामान लेते समय झपट्टा मारकर उनके गले का मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए।

इस संबंध में थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 09/26 धारा 304(2) बी.एन.एस बनाम अज्ञात पंजीकृत की गई।

दूसरा मामला

30 जनवरी को कमला देवी पत्नी स्वर्गीय उमेद सिंह निवासी देवभूमि सैनिक कॉलोनी, फतेहपुर गांधी आश्रम, थाना मुखानी द्वारा तहरीर दी गई कि अज्ञात व्यक्तियों ने पता पूछने के बहाने उनके गले से मंगलसूत्र झपट लिया।

इस पर थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 10/26 धारा 304(2) बी.एन.एस दर्ज की गई।

तीसरा मामला

06 फरवरी को रामनगर क्षेत्र के पीरूमदारा में महिला वियजलक्ष्मी के गले से मंगलसूत्र झपटने की घटना हुई। इस संबंध में कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 35/26 धारा 304 बी.एन.एस बनाम अज्ञात पंजीकृत की गई।

ऐसे हुई गिरफ्तारी

सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल संख्या HR 29 AF 2325 से कालाढूंगी की ओर से हल्द्वानी की तरफ आ रहे हैं। पुलिस टीम ने कालाढूंगी रोड पर चेकिंग के दौरान वाहन को रोका।

वाहन चालक को मौके पर गिरफ्तार किया गया, जबकि पीछे बैठा दूसरा आरोपी कूदकर भाखड़ा के जंगल की ओर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी का माल बरामद किया गया। उक्त वाहन FZ-S बाइक है, जो रॉकी पुत्र प्रतीक सरदाना निवासी प्रहलादपुर तिगांव, बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद के नाम पर पंजीकृत है।

गिरफ्तार अभियुक्त

फिरोज गांधी पुत्र नंदराम

निवासी: ग्राम पदमपुर, थाना मिल्क खाना, तहसील स्वार, जिला रामपुर (उ.प्र.)

उम्र: 36 वर्ष

पूछताछ में खुलासा

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि 30 जनवरी और 04 फरवरी को मुखानी क्षेत्र में दो महिलाओं से मंगलसूत्र झपटे गए। 06 फरवरी को रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में एक महिला से मंगलसूत्र झपटा। 10 फरवरी को दोबारा हल्द्वानी में वारदात करने के इरादे से आ रहे थे, तभी पुलिस चेकिंग में पकड़े गए।

आपराधिक इतिहास

उत्तराखंड में दर्ज मुकदमे:

1. एफआईआर 123/25 – धारा 309(4)/317(2)/3(5) BNS (कोतवाली हल्द्वानी)

2. एफआईआर 124/25 – धारा 309(4)/317(2)/3(5) BNS (कोतवाली हल्द्वानी)

3. एफआईआर 09/26 – धारा 304(2) BNS (थाना मुखानी)

4. एफआईआर 10/26 – धारा 304(2) BNS (थाना मुखानी)

5. एफआईआर 35/26 – धारा 304 BNS (कोतवाली रामनगर)

इसके अतिरिक्त अभियुक्त फिरोज गांधी के विरुद्ध जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) में हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित 05 अन्य गंभीर अभियोग दर्ज हैं। आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी रामपुर पुलिस से प्राप्त की जा रही है।

यह मामला महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी एक गंभीर चेतावनी है। संगठित अपराधी गिरोह लगातार महिलाओं को आसान शिकार समझकर निशाना बना रहे हैं। सतर्कता, जागरूकता और त्वरित सूचना ही ऐसे अपराधों पर रोक लगाने का सबसे मजबूत माध्यम है।संदेश साफ है कि अपराध चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून से बच नहीं सकता।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें