
भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। भीमताल क्षेत्र में गाजियाबाद से आए छात्र पर्यटकों से भरी एक टैम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसा भीमताल के बोहराकून गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग (एक्सटेंशन) पर हुआ। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैम्पो ट्रैवलर सड़क से फिसलकर करीब 50 फीट गहरी खाई में गिर गई, लेकिन नीचे गिरने के बाद वह एक स्थान पर अटक गई, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। हादसे के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भीमताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने ह्यूमन चेन बनाकर कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाया। लंबी रस्सियों के सहारे घायलों और अन्य यात्रियों को सुरक्षित खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि टैम्पो ट्रैवलर में कुल 26 लोग सवार थे, जो सभी गाजियाबाद के छात्र पर्यटक बताए जा रहे हैं। हादसे में पांच यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से भीमताल के नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है। अन्य यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। स्थानीय लोगों की तत्परता और पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया।
(वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट)









