
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। मां सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि प्रेम, त्याग और संस्कारों की सबसे खूबसूरत पहचान होती है। इसी भावना को साकार करते हुए लिटिल फ्लावर स्कूल लालडांठ में मातृ दिवस का आयोजन हर्षोल्लास, उत्साह और भावनात्मक माहौल के बीच संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से माताओं के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ मुख्य अतिथि लता बोरा एवं मनोज नेगी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा मां को समर्पित गीतों “तू कितनी अच्छी है मां”, “सिर पर जब तू हाथ फेरे”, “मां ओ मां” आदि की भावपूर्ण प्रस्तुतियों से हुई। बच्चों ने अपनी माताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रति आदर और स्नेह प्रकट किया।
इसके पश्चात माताओं द्वारा विभिन्न आकर्षक प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया गया।
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में दुर्गा मठपाल ने प्रथम, सुषमा पाठक ने द्वितीय तथा सुशीला गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता में सुषमा पाठक ने प्रथम, श्वेता जोशी ने द्वितीय तथा दीक्षा जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
“रंग पहचानो” प्रतियोगिता में सुषमा पाठक ने प्रथम, मीरा बिष्ट ने द्वितीय तथा दीक्षा जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं माताओं की सक्रिय सहभागिता रही। विद्यालय की प्रधानाचार्या शांति जीना द्वारा सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
अंत में प्रधानाचार्या शांति जीना ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मातृ दिवस का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि मां के महत्व को समझना एवं उनका सम्मान करना है।









