धामी सरकार का श्रमिकों को बड़ा तोहफा… स्वास्थ्य से शिक्षा तक नई सौगात

खबर शेयर करें -

देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए कई नई जनकल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत दो अत्याधुनिक मोबाइल मेडिकल वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर श्रमिकों को उनके कार्यस्थल और आवास पर ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगी।

Ad

मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पोषण योजना के तहत श्रमिक परिवारों को पोषण सहायता, मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों को शैक्षणिक सामग्री तथा मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम के तहत हाईजीन किट उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना के तहत हर वर्ष 210 श्रमिक परिवारों के बच्चों को आवासीय सुविधा सहित निशुल्क योग एवं वेलनेस प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 70 युवाओं को प्रशिक्षण पूरा होने के बाद रोजगार से जोड़ने की भी व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत शुरू की गई मोबाइल मेडिकल वैन में एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की जांचें पूरी तरह निशुल्क होंगी।

साथ ही टेली-कंसल्टेशन के जरिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह और जांच के बाद तीन महीने तक स्वास्थ्य की निगरानी भी की जाएगी। इस योजना की शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चंपावत से की गई है, जिसे बाद में पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘श्रमेव जयते’ मंत्र से प्रेरित होकर राज्य सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति मानती है।

सरकार का उद्देश्य श्रमिकों और उनके परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, मातृत्व सहायता, बेटियों के विवाह, आवास, औजार, साइकिल, सिलाई मशीन और वृद्धावस्था पेंशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है।

मुख्यमंत्री ने सभी पात्र निर्माण श्रमिकों से अपील की कि वे उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण समय-समय पर नवीनीकृत कराते रहें, ताकि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें बिना किसी बाधा के मिल सके।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें