
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल में एक अधिवक्ता की दुकान में ऑन द स्पॉट दे दनादन शुरू हो गया। दरअसल, इधर ग्राहक और उधर दुकानदार के मुंह से ऐसे शब्द निकले कि दोनों के कलेजे के पार उतर गए। और फिर ये नौबत आ गई।
कोई देखता न देखता और ग्राहक और दुकानदार की मारपीट और जान से मारने की धमकी की यह पूरी घटना तीसरी आंख में कैद हो गई। जिसके बाद अधिवक्ता दुकानदार अन्य साथियों और सीसीटीवी फुटेज लेकर कोतवाली में शिकायत दर्ज करने पहुंच गया।
अब पूरी खबर भी जान लीजिए। मल्लीताल की इंद्रा मार्किट में नावेद अली बैल्ट, कपड़े और रोजाना के जरूरत के सामान की दुकान चलाता है। आज भी नावेद ने दुकान खोली तो सुबह लगभग 11:30 बजे दो लोग दुकान पर आए, जिसमें से एक ग्राहक उसकी दुकान में पैंट में लगने वाली बैल्ट खरीदने घुसा।
नावेद का आरोप है कि ग्राहक शराब पीए था और बैल्ट के दाम सुनकर भड़क गया। उसने पहले तो नावेद को धमकाया और फिर उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी।
आरोप है कि इस घटना को देख दूसरा व्यक्ति भी नावेद से लड़ने पहुँच गया। पेशे से अधिवक्ता नावेद के तेवर भी कम नहीं थे। खूब गुत्थमगुत्था हुई और आसपास के लोगों के आते ही दोनों आरोपी अपनी स्कूटी लेकर नौ-दो-ग्यारह हो गए।
नावेद ने पुलिस को बताया कि उनके सिर, हाथ, पैर और मुंह में चोटें आई हैं। दोनों पर सामान चोरी का आरोप भी नावेद ने लगाया है। शिकायत पत्र में कहा गया है कि आरोपी जाते जाते नावेद को जान से मारने की धमकी भी दे गए। स्कूटी का नंबर यूके04 एएम 1278 बताते हुए आरोपियों के खिलाफ उचित कार्यवाही करने की मांग की गई है।
(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









