
बनबसा/चंपावत, प्रेस 15 न्यूज। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की परिकल्पना के अनुरूप मॉडल जिला चंपावत में शहीद सैनिकों के अद्वितीय बलिदान को चिरस्थायी बनाने के लिए बनबसा में निर्माणाधीन भव्य सैनिक स्मारक का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। करीब 37.82 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति और देशसेवा की भावना का प्रेरणास्रोत बनेगा।
स्मारक के निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने प्राथमिकता दिखाई, जिसके बाद जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह और जिलाधिकारी लगातार निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग करते रहे। नगर पंचायत बनबसा द्वारा निर्मित किए जा रहे स्मारक का बुधवार को कर्नल उमेद सिंह ने गौरव सेनानी संगठन के अध्यक्ष कैप्टन भानी चंद तथा नगर पंचायत के अभियंता के साथ संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कर्नल उमेद सिंह ने कहा कि नगर पंचायत ने सैनिक पुत्र एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की परिकल्पना को धरातल पर उतारने का सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह स्मारक शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को सदैव जीवंत रखेगा और इसे देखकर स्वर्ग में भी वीर शहीदों की आत्मा को संतोष मिलेगा।
इस सैनिक स्मारक में देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले चंपावत जिले के 62 शहीद सैनिकों के नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित किए जाएंगे। स्मारक का लोकार्पण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किए जाने की संभावना है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि यह स्मारक मॉडल जिले की पहचान बनेगा। यहां से हर समय राष्ट्रप्रेम की भावना प्रस्फुटित होगी और युवा पीढ़ी को देश के लिए समर्पण और बलिदान की प्रेरणा मिलेगी।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









