
अल्मोड़ा, प्रेस 15 न्यूज। अल्मोड़ा जिले से मंगलवार सुबह हृदय विदारक हादसे की खबर सामने आई है। भिकियासैंण क्षेत्र में सवारियों से भरी एक बस गहरी खाई में गिर गई, जिससे 7 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 12 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा भिकियासैंण गांव के पास उस समय हुआ, जब यात्रियों से भरी बस भिकियासैंण से विनायक होते हुए रामनगर की ओर जा रही थी। बस देहरादून नंबर की एक निजी कंपनी की बताई जा रही है। सुबह-सवेरे हुए इस भीषण हादसे में बस अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और राहत-बचाव दल तत्काल मौके के लिए रवाना हो गए। प्रारंभिक सूचना में 5 से अधिक यात्रियों की मौत की आशंका जताई गई थी, जो बाद में बढ़कर 7 हो गई। घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।
घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल है, जबकि राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों के संबंध में आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा की जा रही है।
(वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट)









