
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। 79 यूके बटालियन एनसीसी, नैनीताल के तत्वावधान में रानीबाग में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) का समापन मंगलवार को गरिमापूर्ण ढंग से हुआ। शिविर में कुमाऊं क्षेत्र के विभिन्न एनसीसी संस्थानों से कुल 530 कैडेट्स, एएनओ एवं अन्य स्टाफ ने प्रतिभाग किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि किशोर प्रसाद, डीआईजी, सीआरपीएफ काठगोदाम रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में लीलाधर महारानिया, कमांडेंट, सीआरपीएफ काठगोदाम ग्रुप मुख्यालय तथा ग्रुप मुख्यालय नैनीताल के एडम ऑफिसर कर्नल अमित भारद्वाज उपस्थित रहे।
कैंप कमांडेंट कर्नल अविजित मेहता एवं डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव थापा के मार्गदर्शन में शिविर का सफल संचालन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण, अनुशासन, ड्रिल और नेतृत्व संबंधी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी क्षमताओं को निखारने का अवसर मिला।
शिविर की चयन प्रक्रिया के दौरान रिपब्लिक डे कैंप (आरडीसी) के लिए कुमाऊं क्षेत्र की टीम का चयन किया गया। इसके साथ ही एडवांस लीडरशिप कैंप, मालोट (पंजाब) के लिए भी योग्य कैडेट्स का चयन किया गया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि किशोर प्रसाद सहित उपस्थित अधिकारियों ने कैडेट्स के अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कैडेट्स को आगामी राष्ट्रीय स्तर की एनसीसी गतिविधियों एवं नेतृत्व प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं दीं।









