MSY योजना का मिला साथ तो कसियालेख के महेंद्र बने आत्मनिर्भरता की मिसाल

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। पहाड़ के छोटे से गांव से उठी एक बड़ी कहानी आज आत्मनिर्भर उत्तराखंड की पहचान बन चुकी है। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद नैनीताल जनपद के धारी विकासखंड अंतर्गत ग्राम बना, कसियालेख निवासी महेंद्र सिंह बिष्ट ने यह साबित कर दिया कि अगर हौसले बुलंद हों और सरकारी योजनाओं का सही समय पर साथ मिल जाए, तो सफलता दूर नहीं रहती। उनकी यह यात्रा मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की बदौलत संभव हो सकी।

वर्ष 2022 में महेंद्र बिष्ट ने योजना के तहत उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की ग्राम भटेलिया शाखा से तीन लाख रुपये का ऋण प्राप्त किया। उस समय आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी, लेकिन आत्मनिर्भर बनने का सपना स्पष्ट था। उन्होंने मोबाइल रिपेयरिंग व्यवसाय को अपने भविष्य का आधार बनाया।

Ad

जिला उद्योग केंद्र हल्द्वानी के मार्गदर्शन और राज्य सरकार की सक्रिय पहल से उनका ऋण स्वीकृत हुआ और उन्होंने अपने क्षेत्र में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान शुरू कर दी।

शुरुआती दौर में चुनौतियां कम नहीं थीं। ग्राहक जुटाना, बाजार में पहचान बनाना और खर्च संभालना, हर कदम पर संघर्ष था। लेकिन धीरे-धीरे मेहनत रंग लाने लगी। आज उनका व्यवसाय सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। वार्षिक टर्नओवर लगभग चार लाख रुपये तक पहुंच चुका है और उन्हें प्रतिमाह 15 से 20 हजार रुपये की नियमित आय हो रही है। खास बात यह है कि उन्होंने अपने उद्यम के माध्यम से दो अन्य युवाओं को भी रोजगार उपलब्ध कराया है।

जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। उनकी दूरदर्शी सोच और प्रभावी क्रियान्वयन के चलते हजारों युवा आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रहे हैं। जिला उद्योग केंद्र भी युवाओं को योजनाओं की जानकारी और मार्गदर्शन देकर उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है।

महेंद्र बिष्ट आज अपने गांव और आसपास के क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि सरकारी योजनाओं का सही उपयोग, दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत मिलकर जीवन की दिशा बदल सकते हैं।

यह कहानी केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर उत्तराखंड के उस सपने की साकार तस्वीर है, जहां सरकार की जनहितकारी योजनाएं और युवाओं का संकल्प मिलकर नई सफलता की इबारत लिख रहे हैं।

What’s your Reaction?
+1
5
+1
4
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें