
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड के पांच जिलों में अगले तीन घंटों के दौरान मौसम के बिगड़ने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 25 सितंबर की शाम 7:46 बजे से रात 10:46 बजे तक अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है। खबर लिखे जाने तक डीएम नैनीताल और डीएम पिथौरागढ़ की ओर से संबंधित जिलों में 26 सितंबर को स्कूलों में छुट्टी का आदेश जारी हो गया है।
मौसम चेतावनी के अनुसार, धारचूला, गंगोलीहाट, अस्कोट, लोहाघाट, मुक्तेश्वर, भीमताल, हल्द्वानी, रुद्रपुर, सितारगंज, खटीमा, टनकपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ स्थानों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान, भारी बारिश से लेकर तेज से बहुत तेज बारिश भी हो सकती है।
मौसम के अचानक करवट लेने की संभावना को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। खासकर बारिश और आंधी के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के आसपास जाने से बचने की जरूरत है।











