
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। केंद्रीय रेल मंत्री, सूचना एवं प्रसारण मंत्री तथा इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी देहरादून) में आयोजित वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उत्तराखंड सहित देशभर के पत्रकारों को रेलवे बजट की जानकारी दी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इस वर्ष रेलवे को रिकॉर्ड ₹2.93 लाख करोड़ का पूंजीगत व्यय बजट आवंटित किया गया है, जिसका सीधा लाभ उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों को मिलेगा।
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि वर्ष 2009 से 2014 के बीच उत्तराखंड में रेलवे कार्यों के लिए मात्र ₹187 करोड़ का बजट आवंटित हुआ था, जबकि रेल बजट 2026-27 में उत्तराखंड को रिकॉर्ड ₹4,769 करोड़ का आवंटन किया गया है, जो पूर्व की तुलना में 26 गुना अधिक है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में उत्तराखंड में रेलवे के कुल ₹39,491 करोड़ की परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है, जिनमें ट्रैक निर्माण, स्टेशन रीडेवलपमेंट और रेलवे सुरक्षा से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।
अमृत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों को पूरी तरह से रीडेवलप करने के लिए चयनित किया गया है, जिन पर लगभग ₹147 करोड़ का निवेश किया जा रहा है।
बेहतर कनेक्टिविटी और प्रीमियम सेवाओं के विस्तार के अंतर्गत उत्तराखंड में वर्तमान में तीन वंदे भारत एक्सप्रेस तथा एक अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन किया जा रहा है।
रेल नेटवर्क विस्तार और विद्युतीकरण के क्षेत्र में भी राज्य ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2014 से अब तक लगभग 76 किलोमीटर नए ट्रैक का निर्माण किया गया है। उत्तराखंड में रेलवे का 100 प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा हो चुका है, जबकि 2014 से अब तक 334 किलोमीटर रेल लाइनों का विद्युतीकरण किया गया है। इसके साथ ही राज्य में 106 फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए जा चुके हैं।
रेलवे सुरक्षा के दृष्टिगत अब तक 54 ‘कवच’ सुरक्षा सिस्टम स्वीकृत किए जा चुके हैं। अश्विनी वैष्णव ने बताया कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और यह परियोजना शीघ्र ही उद्घाटन की ओर अग्रसर है।









