दिल्ली के नेशनल क्राफ्ट्स म्यूजियम में छाई उत्तराखंड की ‘ऐंपण’ कला, चम्पावत की बेटी अपर्णा पनेरू का हुनर चमका

खबर शेयर करें -

चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड की पारंपरिक लोककला ‘ऐंपण’ ने देश की राजधानी नई दिल्ली में अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रतिष्ठित नेशनल क्राफ्ट्स म्यूजियम एंड हस्तकला अकादमी में उत्तराखंड की ऐंपण कला को वॉल म्यूरल के रूप में स्थायी स्थान मिला है। यहां आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के लिए यह कलाकृति अब आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।

बीते जून माह में आयोजित विशेष राष्ट्रीय कला समागम में देशभर के विभिन्न राज्यों से चुनिंदा कलाकारों को आमंत्रित किया गया था। इस दौरान प्रत्येक राज्य के कलाकारों ने अपनी-अपनी संस्कृति और लोक परंपराओं को दर्शाती एक-एक वॉल म्यूरल तैयार की। इस राष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने का गौरव चम्पावत की प्रख्यात ललित कलाकार अपर्णा पनेरु को मिला।

Ad

अपर्णा पनेरु ने नेशनल क्राफ्ट्स म्यूजियम के परिसर में उत्तराखंड की पारंपरिक ऐंपण कला पर आधारित पूरी वॉल म्यूरल को अकेले तैयार किया। खास बात यह है कि म्यूजियम परिसर में पहली बार उत्तराखंड की ऐंपण कला को इस स्वरूप में स्थायी स्थान मिला है।

वॉल म्यूरल में ऐंपण की पारंपरिक बारीकियों, प्रतीकों और शुद्ध पारंपरिक स्वरूप को बेहद खूबसूरती और गहराई के साथ उकेरा गया है। कलाकृति के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपरा और पहाड़ी जीवन की कलात्मक झलक भी देखने को मिलती है।

ललित कला में परास्नातक (MFA) अपर्णा पनेरु पिछले कई वर्षों से ऐंपण कला के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य कर रही हैं।

अपनी इस उपलब्धि पर उन्होंने कहा कि देशभर के बेहतरीन कलाकारों के बीच नेशनल क्राफ्ट्स म्यूजियम में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व का क्षण है। पूरी वॉल म्यूरल को अकेले तैयार करने का उद्देश्य ऐंपण की पारंपरिक बारीकियों और उसके मूल स्वरूप को बरकरार रखते हुए इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना था।

अपर्णा पनेरु की इस उपलब्धि के बाद अब देश की राजधानी में आने वाले हजारों पर्यटक उत्तराखंड की अनूठी लोक कला ऐंपण से रूबरू हो रहे हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर स्थायी प्रदर्शन के रूप में स्थान मिलना न केवल अपर्णा पनेरु की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह चम्पावत और उत्तराखंड की समृद्ध लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत के लिए भी गौरव का विषय है। उनकी सफलता से उत्तराखंड के कला जगत और गृह जनपद चम्पावत में खुशी की लहर है।

(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें