उत्तराखंड: NEET अभ्यर्थियों को धामी सरकार का तोहफा, प्रवेश पत्र दिखाकर रोडवेज बसों में मुफ्त सफर

खबर शेयर करें -

देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। नीट (यूजी)-2026 की 21 जून को होने जा रही पुनः परीक्षा में शामिल होने वाले उत्तराखंड के अभ्यर्थियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। प्रदेश के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी। अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र के आधार पर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

राज्य सरकार के निर्णय के तहत नीट (यूजी)-2026 की पुनः परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा से दो दिन पूर्व से लेकर परीक्षा तिथि तक तथा परीक्षा समाप्त होने के बाद दो दिन तक उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

Ad

इस संबंध में सचिव परिवहन बृजेश कुमार संत ने उत्तराखंड परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार यह सुविधा केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को ही मिलेगी और इसके लिए नीट (यूजी)-2026 का वैध प्रवेश पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

सरकार द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यह सुविधा केवल उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण श्रेणी की बसों में तथा परीक्षा केंद्र तक जाने वाले निकटतम मार्ग पर ही मान्य होगी।

व्यवस्था के तहत अभ्यर्थी परीक्षा तिथि से दो दिन पहले अपने गृह जनपद अथवा वर्तमान निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे। वहीं परीक्षा समाप्त होने के बाद दो दिन के भीतर अपने गृह स्थान या वर्तमान प्रवास स्थल तक वापसी यात्रा भी निःशुल्क कर सकेंगे।

राज्य सरकार के इस निर्णय से दूरस्थ क्षेत्रों के हजारों अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलने के साथ परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में भी सुविधा मिलेगी।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें