मणिपुर में उत्तराखंड के दो वीर जवान शहीद, उग्रवादियों के हमले में देश के लिए दी सर्वोच्च कुर्बानी

खबर शेयर करें -

देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। मणिपुर में उग्रवादियों के कायराना हमले में उत्तराखंड ने अपने दो वीर सपूत खो दिए। असम राइफल्स के काफिले पर घात लगाकर किए गए हमले में वारंट ऑफिसर बलवंत सिंह और राइफलमैन चंद्र मोहन सिंह वीरगति को प्राप्त हो गए। दोनों जवानों की शहादत से पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर है। उनके पार्थिव शरीर बुधवार को उनके पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर मणिपुर के उखरुल जिले में नुंगशांग कोंग के पास 40 असम राइफल्स का काफिला ड्यूटी पूरी कर शांगशाक बटालियन मुख्यालय लौट रहा था। इसी दौरान संदिग्ध उग्रवादियों ने घात लगाकर अत्याधुनिक हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग की और आईईडी विस्फोट किए।

Ad

हमले में वारंट ऑफिसर बलवंत सिंह और राइफलमैन चंद्र मोहन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल शांगशाक स्थित असम राइफल्स कैंप ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मणिपुर पुलिस के अनुसार, हमला दोपहर करीब 1:50 बजे शुरू हुआ और कई घंटों तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। इसके बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। फिलहाल हमलावरों की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।

दोनों शहीद जवानों के पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम उखरुल में कराया जा रहा है। इसके बाद उन्हें उत्तराखंड भेजा जाएगा। बुधवार शाम तक उनके पैतृक आवास पहुंचने की संभावना है, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

इस बीच मणिपुर के गृह मंत्री गोविंददास कोंथौजाम ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उधर, मणिपुर के कांगपोकपी जिले में भी हिंसा की एक अन्य घटना सामने आई, जहां एक गांव में हुई गोलीबारी में एक महिला और एक बच्चा घायल हो गए। सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी और तलाशी अभियान चला रही हैं।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1
+1
1

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें