
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। नववर्ष के अवसर पर उत्तराखंड सरकार ने आम जनता और यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में शामिल की गई 100 नई बसों को फ्लैग ऑफ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 10 एसी और 2 स्लीपर अनुबंधित बसों को भी जनता को समर्पित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवहन निगम की स्मारिका “अनवरत” तथा सड़क सुरक्षा पर आधारित विशेष कैलेंडर का विमोचन किया। साथ ही कठिन परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवा देने वाले कर्मठ कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक से लैस ये नई बसें राज्य के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को और अधिक सशक्त बनाएंगी। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा का लाभ मिलेगा, साथ ही राज्य की आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में मजबूत परिवहन व्यवस्था विकास की रीढ़ है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार परिवहन निगम के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। अब तक 13 से अधिक नए बस अड्डों और कार्यशालाओं का निर्माण पूरा किया जा चुका है, जबकि 14 अन्य स्थानों पर निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिनमें 4 आईएसबीटी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि निगम की बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, ई-टिकटिंग, फ्लीट मॉनिटरिंग और समयबद्ध मेंटेनेंस जैसी आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा भी और मजबूत होगी।
सरकार ने निगम कर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए डीए में वृद्धि, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का क्रियान्वयन और नई भर्तियों के जरिए मानव संसाधन की कमी को दूर करने के प्रयास किए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार परिवहन निगम को केवल परिवहन सेवा नहीं, बल्कि “सेवा का माध्यम” मानती है और इसे आधुनिक, आत्मनिर्भर तथा जनोन्मुखी बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ उत्तराखंड विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजानदास, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, परिवहन निगम की एमडी एवं अपर सचिव रीना जोशी सहित परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।









