दुखद: नानकमत्ता में दर्दनाक हादसा, चंपावत निवासी शिक्षक और किच्छा के युवा व्यापारी की सांसें थमी

खबर शेयर करें -

नानकमत्ता/ चंपावत, प्रेस 15 न्यूज। नई कार की खुशियां लेकर घर लौट रहे एक शिक्षक को क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।

रात के अंधेरे में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। घर में इंतजार कर रहे अपनों तक नई गाड़ी नहीं, बल्कि मौत की खबर पहुंची, जिससे पूरे परिवार में मानो बज्र गिर गया। नानकमत्ता में देर रात हुए सड़क हादसे में चंपावत निवासी एक शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई।

Ad

चंपावत के माडली क्षेत्र निवासी शिक्षक और भजन गायक संजय पांडे सोमवार रात अपने साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी के साथ हल्द्वानी से लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि रात में लौटते समय नानकमत्ता के पास उनकी कार को सामने से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने टक्कर मार दी।

हादसे में संजय पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी बाल-बाल बच गए। फॉर्च्यूनर में सवार लोगों के भी गंभीर रूप से घायल होने की बात सामने आ रही है। इस दर्दनाक हादसे में फॉर्च्यूनर में सवार किच्छा के युवा व्यापारी दीपांश सिंघल (24) की भी इस हादसे में जान गई है।

जानकारी के अनुसार, माडली, चंपावत निवासी शिक्षक संजय पांडे (41) पुत्र भुवन पांडे जीआईसी बालातड़ी में तैनात थे। मंगलवार को वह नई कार खरीदने के लिए साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी के साथ हल्द्वानी गए थे।

मृतक संजय पांडे के परिवार में पत्नी, तीन बच्चों समेत माता-पिता और दादी हैं। उनकी मौत से परिजनों में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शिक्षक संजय भजन गायकी भी करते थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1
+1
3

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें