
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। देश की एकता, अखंडता और संविधान की गरिमा को समर्पित गणतंत्र दिवस हल्द्वानी में पूरे उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर लामाचौड़ विशेष विहार टाउनशिप स्थित शिव मंदिर परिसर में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां तिरंगे की शान ने हर मन को गर्व से भर दिया।
जैसे ही राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, पूरा परिसर राष्ट्रगान, “जय हिंद” और “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों के साथ समाजसेवी एवं पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के संस्थापक गुंजन तिवारी ने पूरे जोश और गर्व के साथ सहभागिता निभाई। सामाजिक सरोकारों से निरंतर जुड़े रहने वाले गुंजन तिवारी की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी गुंजन तिवारी ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल तिरंगा फहराने का दिन नहीं है, बल्कि उस संविधान को नमन करने का अवसर है जिसने हमें समानता, अधिकार और सम्मान के साथ जीने का हक दिया। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब समाज का हर व्यक्ति अपने कर्तव्यों को समझे और ईमानदारी से निभाए।
उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी देश की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा संवैधानिक मूल्यों, सेवा और जिम्मेदारी को अपने जीवन का आधार बना लें, तो भारत को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। समाजसेवा ही सच्ची देशभक्ति है और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने वाली सेवा ही गणतंत्र की असली सफलता है।
ध्वजारोहण कार्यक्रम अनुशासन, एकता और सौहार्द का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया। आयोजन के माध्यम से यह संदेश देने की भी कोशिश हुई कि देश की मजबूती केवल संस्थाओं से नहीं, बल्कि जागरूक, जिम्मेदार और एकजुट नागरिकों से बनती है।
इस अवसर पर गिरीश पड़ालनी, विशेष विहार टाउनशिप सोसाइटी के अध्यक्ष सूबेदार (सेवानिवृत्त) जसोद सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष संजीव कुमार पांडे, सचिव डीके फुलारा, कोषाध्यक्ष भगवती प्रसाद उप्रेती, संरक्षक मोहन सिंह कैड़ा, त्रिलोक सिंह जेठा, सतीश साह, आनंद पंत, राज पांडे, सुशील साह, राकेश शर्मा, बीसी जोशी, पुजारी केके पाण्डे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, बुजुर्ग और युवा उपस्थित रहे।









