चम्पावत मामले में सोशल मीडिया पर नाबालिग की पहचान उजागर करने वाले आए रडार पर

खबर शेयर करें -

चंपावत, प्रेस 15 न्यूज। चम्पावत में एक संवेदनशील आपराधिक मामले के दौरान नाबालिग पीड़िता की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

पुलिस ने इसे कानून और पीड़िता की निजता का गंभीर उल्लंघन बताते हुए संबंधित सामग्री हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने स्पष्ट कहा है कि नाबालिग की पहचान उजागर करना दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Ad

वर्तमान में विवेचनाधीन एक संवेदनशील आपराधिक प्रकरण के दौरान यह तथ्य संज्ञान में आया है कि एक व्यक्ति द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से नाबालिग पीड़िता से संबंधित वीडियो एवं फोटोग्राफ सार्वजनिक किए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव द्वारा जानकारी देते हुए अवगत कराया कि कानूनन किसी भी नाबालिग की पहचान उजागर करना गंभीर दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की गतिविधियां न केवल पीड़िता की गोपनीयता और सामाजिक प्रतिष्ठा को प्रभावित करती हैं, बल्कि इससे उसकी मानसिक सुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट को तत्काल हटवाने सहित अन्य कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। प्रकरण की विवेचना नियमानुसार की जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संवेदनशील प्रकरण से जुड़ी सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा न करें तथा कानून का सम्मान करते हुए पीड़िता की निजता बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें