
लालकुआं, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा की संघ और दुग्ध उत्पादक किसानों के सुनहरे भविष्य निर्माण की सोच रंग ला रही है। केरल के प्रतिनिधिमंडल के बाद अब एफएओ का अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल भी लालकुआं दुग्ध संघ के सफल मॉडल को समझने लालकुआं पहुंचा।
आँचल दुग्धशाला में खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने भ्रमण कर दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र की कार्यप्रणाली को बारीकी से समझा। प्रतिनिधिमंडल में इंग्लैंड से आए सदस्य भी शामिल थे, जिन्होंने संयंत्र की व्यवस्थाओं और तकनीकी प्रक्रिया में विशेष रुचि दिखाई।
भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण और विपणन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने टीम को संयंत्र की संपूर्ण कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए बताया कि यहाँ आधुनिक तकनीकों के माध्यम से दुग्ध की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ स्वच्छता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाता है।
एफएओ टीम ने संयंत्र की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई व्यवस्था तथा गुणवत्ता नियंत्रण के लिए अपनाई जा रही प्रक्रियाओं की सराहना की। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को संयंत्र की उत्पादन क्षमता, दुग्ध संग्रहण प्रणाली तथा किसानों से जुड़े सहकारी ढांचे की विस्तृत जानकारी भी दी।
इंग्लैंड से आए प्रतिनिधियों ने दुग्ध प्रसंस्करण व्यवस्था और किसानों से जुड़े सहकारी मॉडल को करीब से समझते हुए इसे किसानों के हित में उपयोगी पहल बताया। साथ ही दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और दुग्ध उत्पादकों को अधिक लाभ पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर पशु आहार निर्माण शाला के सामान्य प्रबंधक राजेंद्र सिंह चौहान, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रभारी कारखाना प्रबंधक धर्मेन्द्र सिंह राणा, प्रभारी अभियंत्रण राजू दुम्का, प्रभारी गुणवत्ता नियंत्रण आर.सी. आर्या, प्रभारी एमआईएस कमलेश कुमार, हेमंत पाल, विपिन तिवारी और कमल गरवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









