
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। साल 2025 खत्म होने को है। साल 2026 के स्वागत को कुछ ही दिन शेष बचे हैं। ऐसे में मनमौजी और सिरफिरे स्वभाव के जोशीले युवा हर वो सीमा लांघने को आतुर हैं जो उनके बिगड़े हार्मोन के सामने सिर उठा रहे हैं। वो कह रहे हैं कि थार किसकी मेरे बाप की, सड़क किसकी मेरे बाप की…
लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर सिरफिरी करतूत करते वक्त वो भूल जा रहे हैं कि आज का वक्त मोबाइल पत्रकारिता का है। हर वो व्यक्ति पत्रकार है जिसके हाथ में मोबाइल है। और उनकी करतूत मोबाइल में कैद होने करने को बेताब है। जिसके बाद पुलिस भी एक्शन लेने को मजबूर हो जाती है।
19 दिसंबर की रात भी हल्द्वानी की नैनीताल रोड में ऐसा ही कुछ हुआ। थार UK06BC7200 में सवार युवा हाईवे पर खतरनाक स्टंट कर अपनी और आम जनता की जान जोखिम में डाल रहा था। उनकी ये करतूत छुपी ही रहती कि तभी एक जागरूक सज्जन ने वीडियो बना डाला। और देखते ही देखते वो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल वीडियो पुलिस तक भी पहुंचा जिसके बाद एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपी थार चालक को ढूंढने के लिए हल्द्वानी पुलिस को सक्रिय किया।
थार सवार की पहचान ब्रह्मजोत सिंह पुत्र सुशांत सिंह निवासी उदयपुर दौलतपुर, हल्द्वानी के रूप में हुई।
जिसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
अब खतरनाक और उतावलेपन से वाहन चलाने का अंजाम थार सीज और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त के तौर पर सामने आया है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने चेतावनी देते हुए कहा कि स्टंटबाजी, अराजकता, गुंडागर्दी और कानून तोड़ने वालों को कतई बर्दाश्त नही किया जाएगा।
सार्वजनिक मार्गों पर आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि कानून का पालन करें। सुरक्षित वाहन चलाएं और किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी और हुड़दंग से दूर रहें।









