
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड में विकास परियोजनाओं को रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने करीब 4 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है।
इस राशि से हाईकोर्ट में अत्याधुनिक पेपरलेस स्मार्ट वीसी बोर्डरूम बनाया जाएगा, जबकि अल्मोड़ा, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और ऊधम सिंह नगर के प्रमुख मंदिरों के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए करीब 4 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड हाईकोर्ट में अत्याधुनिक पेपरलेस स्मार्ट वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) बोर्डरूम की स्थापना के लिए 1.20 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
इसके अलावा अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र स्थित प्राचीन गोपेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण, घाट निर्माण और सुरक्षा चेक डैम के लिए 98.25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रथम किश्त के रूप में 58.95 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।
ऊधम सिंह नगर के नानकमत्ता स्थित बंगाल कॉलोनी में नवनिर्मित दुर्गा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 56.51 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें पहली किश्त के रूप में 33.90 लाख रुपये जारी होंगे।
उत्तरकाशी के पुरोला विधानसभा क्षेत्र में न्याय पंचायत मुख्यालय जखोल/फिताड़ी स्थित श्री सोमेश्वर महादेव मंदिर परिसर के समतलीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए शेष 1.85 करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि में से 1.09 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन भी मुख्यमंत्री ने दिया है।
वहीं, पिथौरागढ़ के डीडीहाट क्षेत्र में बटकेश्वर मंदिर एवं तीर्थ स्थल के विकास कार्यों के लिए 63.39 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रथम किश्त के रूप में 38.03 लाख रुपये जारी होंगे।
इसके साथ ही रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में स्थित द्वितीय केदार श्री मद्महेश्वर धाम के विकास के लिए 54.81 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पहली किश्त के रूप में 32.88 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।
मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से धार्मिक स्थलों के विकास, पर्यटन को बढ़ावा और न्यायिक व्यवस्था के आधुनिकीकरण को नई गति मिलने की उम्मीद है।









