अंकिता भंडारी हत्याकांड फिर चर्चा में, वायरल ऑडियो के बीच बीजेपी महिला नेता का इस्तीफा

खबर शेयर करें -

देहरादून/पौड़ी, प्रेस 15 न्यूज। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े एक ऑडियो क्लिप के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद राजनीतिक उठापटक और बयानबाजी तेज हो गई है।

बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े नए आरोपों के बाद उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर गरमा गई है। प्रकरण से जुड़े आरोप सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी की महिला नेता और यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र की पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। वहीं, भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर का पक्ष भी सामने आया है।

Ad

यह घटनाक्रम उस वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद सामने आया है, जिसे भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी उर्मिला सनावर द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया है।

वीडियो में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर वीआईपी एंगल, कॉल रिकॉर्डिंग और कुछ राजनीतिक व्यक्तियों की भूमिका से जुड़े सवाल उठाए गए हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है।

वीडियो में आरती गौड़ पर यह आरोप लगाया गया है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्या के रिसॉर्ट को गिराने के लिए जेसीबी भेजे जाने में उनकी भूमिका रही। इसके साथ ही अन्य आरोप भी लगाए गए हैं, जिन्हें लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

इन आरोपों के बाद आरती गौड़ ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्हें साजिश के तहत बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने अपने इस्तीफा पत्र में स्पष्ट किया कि जब तक पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच नहीं हो जाती, तब तक पार्टी से अलग रहना ही उचित समझती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेंगी।

उल्लेखनीय है कि पौड़ी निवासी अंकिता भंडारी यमकेश्वर क्षेत्र स्थित वंत्रा (वनतारा) रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में कार्यरत थीं। यह रिसॉर्ट भाजपा नेता के पुत्र पुलकित आर्या था। अंकिता की हत्या के बाद कुछ ही घंटों में रिसॉर्ट को जेसीबी से गिरा दिया गया था, जिस पर उस समय भी सबूत नष्ट करने के आरोप लगे थे।

वहीं, अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े ऑडियो क्लिप के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद इस मामले में भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने वायरल ऑडियो को पूरी तरह मनगढ़ंत और तकनीकी रूप से तैयार किया गया बताते हुए इसकी फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में ज्वालापुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।

प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान सुरेश राठौर ने कहा कि उनके नाम से जो ऑडियो वायरल किया जा रहा है, वह छेड़छाड़ कर तैयार किया गया है और इसका उद्देश्य उनकी राजनीतिक, सामाजिक और व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचाना है। उन्होंने पुलिस से मांग की कि संबंधित मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्यों को जब्त कर तकनीकी परीक्षण कराया जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

पूर्व विधायक ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में उनके खिलाफ कोई भी तथ्य या प्रमाण सामने आता है, तो वह कानूनी कार्रवाई और सजा भुगतने के लिए तैयार हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि उर्मिला सनावर द्वारा उनके नाम का दुरुपयोग कर प्रदेशभर में भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने इसे एक सुनियोजित साजिश करार देते हुए कहा कि इससे उनके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

सुरेश राठौर ने यमकेश्वर क्षेत्र की पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ को अपनी बेटी समान बताते हुए कहा कि उनकी पत्नी को पाकिस्तानी बताने जैसे आरोप पूरी तरह असत्य और निराधार हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई उनके साथ विवाह का दावा कर रहा है, तो उसे इसके वैधानिक दस्तावेज सार्वजनिक करने चाहिए।

पूर्व विधायक ने कहा कि भाजपा उनके लिए मां समान है और पार्टी की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई को जनता के सामने लाया जाए।

अब, नए आरोपों और एक राजनीतिक इस्तीफे के बाद यह मामला एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक बहस के केंद्र में आ गया है। विपक्षी दल कांग्रेस और यूकेडी ने मामले को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल खड़े किए हैं और सीबीआई जांच की मांग की है।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें