
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल घूमने आई युवती के साथ टैक्सी ड्राइवर की शर्मनाक हरकत सामने आई है। हल्द्वानी से नैनीताल मार्ग में सुनसान पटवाडांगर नामक गाँव के पास शैतान टैक्सी चालक ने इंसानियत को शर्मसार किया। किसी तरह जंगल में छुपते छुपाते युवती ने रात बिताई और शुक्रवार सुबह आसपास के लोगों को पूरी वारदात बताई।
पर्यटक युवती ने दोपहर तल्लीताल थाने में शिकायत दर्ज कराई तो रूह कांप उठी। युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी टैक्सी ड्राइवर ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। जब वो सफल नहीं हुआ तो उसने मारपीट की और उसका मोबाइल भी छीन लिया। किसी तरह कलमठ के नीचे बैठकर उसने अपनी जान बचाई।
घटना के बाद से ही फरार चल रहे 39 वर्षीय आरोपी ड्राइवर दीपक बोरा के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकस पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले दिल्ली की 31 वर्षीय पर्यटक युवती का स्थानीय बीड़ी पाण्डे अस्पताल में मेडिकल कराया गया। युवती गुरुवार देर शाम दिल्ली से हल्द्वानी पहुंची थी, जहां से उसने नैनीताल के लिए कैब बुक कराई थी। महिला पर्यटक के साथ ऐसी घटना पर पर्यटन व्यवसायियों ने भी आक्रोश जाहिर किया है।
इधर, कुमाऊं टैक्सी महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज भट्ट ने बयान जारी कर कहा है कि किसी भी टैक्सी चालक द्वारा इस तरह की शर्मनाक हरकत करना और महिलाओं के साथ बदतमीजी करना बिल्कुल अस्वीकार्य है। आजकल इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक हैं। जिन वाहन चालकों का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं हुआ है, उनका तुरंत पुलिस वेरिफिकेशन होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घिनौनी हरकत करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और कड़ी सजा होनी चाहिए। हम सभी वाहन मालिक और चालक इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।
नोट :- खबर को अपडेट किया जा रहा है…
(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









