
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। गलती टोकना इतना भारी पड़ जाएगा, शायद उस बुजुर्ग ने भी नहीं सोचा होगा।नैनीताल में मामूली सी बात पर एक बुजुर्ग के साथ अभद्रता, हाथापाई और मोबाइल तोड़ने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि सड़क किनारे गाड़ी धो रहे युवक को जब बुजुर्ग ने शालीनता से पानी इधर-उधर न उड़ाने की बात कही, तो युवक आगबबूला हो गया। मामला इतना बढ़ा कि बीच सड़क पर हंगामा, फोन छीनने की कोशिश और हाथापाई तक की नौबत आ गई। बाद में जब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो घटना की तस्वीर साफ हो गई।
नैनीताल में चीना बाबा चौराहे पर एक युवक सड़क किनारे अपनी गाड़ी संख्या यूके04 एएफ 6721 धो रहा था। दोपहर लगभग पौने एक बजे हुई इस घटना में, गाड़ी का पानी वहां से गुजरते बुजुर्ग प्रदीप जे के ऊपर गिर गया। उन्होंने सरल भाव से गाड़ी धोने की जगह में गाड़ी को धोने के लिए कहा।
इस पर गाड़ी धो रहे कर्मचारी और स्वामी ने अभद्रता कर दी। बुजुर्ग प्रदीप ने फोटो खींची और आगे बढ़ गए। आगे वो किसी अन्य से बात कर ही रहे थे कि गाड़ी स्वामी युवक आया और जोर जोर से चिल्लाते हुए उनका फोन छीनने लगा।
बुजुर्ग ने विरोध किया तो युवक बिगड़ गया और हाथापाई पर उतारू हो गया। इसके बाद बुजुर्ग प्रदीप अपने रिश्तेदारों के साथ कोतवाली पहुँच गए। जब आरोपी को बुलाया गया तो वो पहले तो आया नहीं और फिर लाव लश्कर के साथ कोतवाली पहुँच गया।
आरोपियों ने उल्टा बुजुर्ग पर ही मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगा दिए, जिसके बाद पुलिस की देखरेख में चीना बाबा क्षेत्र के सीसीटीवी खंगाले गए। वीडियो ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया। वीडियो में साफ दिखा कि अंडा मार्केट के एक व्यापारिक प्रतिष्ठान परिवार से जुड़े युवक ने खुलेआम बुजुर्ग के साथ अभद्रता और मारपीट की थी। बुजुर्ग की शिकायत पर जांच चल रही है।
इस मामले ने फिर सोचने को मजबूर कर दिया है कि आज समाज को सबसे ज्यादा जरूरत केवल कानून की नहीं, बल्कि संयम और संवेदनशीलता की है। छोटी-छोटी बातों पर आक्रामक होना और बुजुर्गों के सम्मान को भूल जाना एक खतरनाक सामाजिक संकेत है। सड़क, बाजार और सार्वजनिक स्थान केवल हमारे नहीं, बल्कि पूरे समाज के हैं, जहां मर्यादा और जिम्मेदारी सबसे बड़ी पहचान होनी चाहिए।
अगर किसी बात से असहमति भी हो, तो उसका जवाब अभद्रता और हाथापाई नहीं हो सकता। खासकर बुजुर्गों के साथ सम्मानजनक व्यवहार हर सभ्य समाज की पहचान है। ऐसे मामलों में पुलिस और प्रशासन की निष्पक्ष कार्रवाई जितनी जरूरी है, उतना ही जरूरी समाज का जागरूक और जिम्मेदार होना भी है।
(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की रिपोर्ट ✍️)









