
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत जनपद नैनीताल की कालिका स्वयं सहायता समूह की सदस्य एवं ‘लखपति दीदी’ किरण जोशी ने कोच्चि (केरल) में आयोजित ब्रिक्स देशों के दो दिवसीय सम्मेलन में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
सम्मेलन में किरण जोशी ने स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार किए गए रेशम कोकून के फ्रेम, रेशम कोकून के आभूषण, ऐपण कला से सजी साड़ियां, जूट बैग, ऐपण फ्रेम और पारंपरिक पिछौड़ी सहित कई हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। उत्तराखंड की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प से सजे इन उत्पादों को देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों ने खूब सराहा और उनकी विशेष प्रशंसा की।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत किरण जोशी का चयन इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिए किया गया, ताकि उन्हें अपने उत्पादों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके। एनआरएलएम के माध्यम से उन्हें सम्मेलन में भाग लेने के लिए यात्रा सहित सभी आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
किरण जोशी केवल एक सफल उद्यमी ही नहीं, बल्कि ‘लखपति दीदी’ और मास्टर ट्रेनर भी हैं। वह स्वयं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अन्य ग्रामीण महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की राह भी दिखा रही हैं।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उनकी आजीविका को मजबूत करना और उनके उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है। किरण जोशी की यह उपलब्धि इस अभियान की सफलता और महिला सशक्तिकरण का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरी है।









