
रुद्रपुर/ पिथौरागढ़, प्रेस 15 न्यूज। राज्य में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है।
रूद्रपुर और पिथौरागढ़ स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेजों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला चिकित्सालयों को चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधीन करने के आदेश जारी किए गए हैं।
यह निर्णय मेडिकल कॉलेजों की शैक्षणिक व्यवस्था, अस्पताल प्रबंधन और उपचार सुविधाओं को एकीकृत और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार शासन द्वारा राजकीय मेडिकल कॉलेज रूद्रपुर और पिथौरागढ़ के सुचारू संचालन के लिए जिला चिकित्सालयों को चिकित्सा शिक्षा विभाग को सौंपने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके तहत जिला चिकित्सालय रूद्रपुर, जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ एवं महिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ को चिकित्सा शिक्षा विभाग, उत्तराखंड के अधीन कर दिया गया है।
सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सचिन कुर्वे द्वारा जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार, पं. रामसुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज, रूद्रपुर के संचालन हेतु जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय रूद्रपुर, तथा राजकीय मेडिकल कॉलेज, पिथौरागढ़ के संचालन हेतु बी.डी. पाण्डेय जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ एवं महिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ को चिकित्सा शिक्षा विभाग को हस्तांतरित किया गया है। यह सभी चिकित्सालय अब तक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के नियंत्रणाधीन थे।
शासनादेश के अनुसार हस्तांतरण के बाद इन चिकित्सालयों का प्रशासनिक एवं वित्तीय नियंत्रण संबंधित मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य/निदेशक के अधीन होगा। साथ ही एमसीआई (MCI) मानकों के अनुरूप आवश्यक अवशेष उपकरणों एवं औषधियों की व्यवस्था चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा की जाएगी।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इन चिकित्सालयों में कार्यरत स्टाफ के वेतन का भुगतान एक वर्ष की अवधि तक वर्तमान व्यवस्था के तहत चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाएगा। इसके बाद एक वर्ष पश्चात इन चिकित्सा इकाइयों का विधिवत एवं पूर्ण संचालन पूरी तरह चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा किया जाएगा।
इस निर्णय को राज्य में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।









