हल्द्वानी में सड़क चौड़ीकरण को गति, मंडी पुलिस चौकी शिफ्ट होगी

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में तीनपानी चौराहे से नरीमन तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य को गति देने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने मंडी पुलिस चौकी के स्थानांतरण को लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारी, मंडी सचिव एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में मंडी पुलिस चौकी को सड़क से शीघ्र स्थानांतरित किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।

Ad

सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा प्राधिकरण विकास मद से मंडी पुलिस चौकी के निर्माण हेतु 25 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिसे लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया गया था। अब उक्त निर्माण कार्य मंडी परिषद द्वारा कराया जाना है।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि आवंटित धनराशि शीघ्र मंडी परिषद को हस्तांतरित की जाए, ताकि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न हो। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पुलिस विभाग की आवश्यकताओं के अनुरूप पुलिस चौकी भवन के नक्शे में आवश्यक संशोधन पूर्ण कर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) मंडी परिषद को भेजा जाए तथा टेंडर प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण किया जाए।

सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि तीन पानी से नरीमन तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेजी से प्रगति पर है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना समयबद्ध रूप से पूर्ण हो सके।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें