नैनीताल जिले में बारिश का कहर, 11 मार्ग बंद, 3 लोगों की मौत, 7 भवन क्षतिग्रस्त

खबर शेयर करें -

नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। जिले में लगातार हो रही बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। बारिश के कारण जिले में कुल 11 मोटर मार्ग बाधित चल रहे हैं।

इनमें एक राज्य मार्ग, एक प्रमुख जिला मार्ग और नौ ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। प्रशासन की ओर से इन मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है। उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार सभी बाधित मार्गों को 27 अगस्त को खोलने की संभावित तिथि निर्धारित की गई है।

Ad

बाधित मार्गों में पांडेखोला–रानीकोटा मार्ग (4.2 किमी), रातीघाट–बुढ़लाकोट (7 किमी), डोबा–गोनियारो (10 किमी), बसगांव–तवालेख (4.5 किमी), सुयालबाड़ी–ओडाखान (65.76 किमी), छोईडाखान–अमगढ़ (11, 19 और 21 किमी), कुलौरी–पोखरी (7 किमी), कोल मोटर मार्ग (1.05 किमी), सलियाकोट–अनपा (3 और 6 किमी), देवीपुरा–सोड़ (20 और 24 किमी) तथा छड़ा–बधेर नाला (1, 6 और 10 किमी) शामिल हैं।

बारिश से केवल सड़कें ही प्रभावित नहीं हुई हैं, बल्कि जिले में नुकसान का आंकड़ा भी सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार बारिश से अब तक 3 लोगों की जनहानि हुई है। वहीं 7 भवनों को आंशिक नुकसान पहुंचा है और 29 आंगन व दीवारें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके अलावा एक छोटे पशु की हानि की सूचना भी दर्ज है। पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त भवन, बड़े पशुओं और गौशालाओं की क्षति का आंकड़ा शून्य दर्ज किया गया है।

राहत की बात यह है कि रिपोर्ट में विद्युत आपूर्ति और पेयजल आपूर्ति सामान्य बताई गई है। नालियों की स्थिति भी सामान्य दर्ज की गई है।

प्रशासन की ओर से बाधित मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के लिए संबंधित खंडों द्वारा कार्रवाई गतिमान बताई गई है। ऐसे में बारिश के बीच पर्वतीय क्षेत्रों में आवाजाही करने वाले लोगों को सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की जरूरत है।

हालांकि, मौसम विभाग ने 27 अगस्त को उत्तराखंड समेत कई राज्यों में तेज बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है, इसलिए पर्वतीय क्षेत्रों में सतर्कता जरूरी है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें