धारचूला में बारिश का कहर: बोल्डर की चपेट में आया BRO का पुल ध्वस्त, मां- बेटा मलबे में दबे, कई सड़कें तबाह

खबर शेयर करें -

धारचूला, प्रेस 15 न्यूज। पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। पहाड़ी से गिरे विशालकाय बोल्डर की चपेट में आकर सीमा सड़क संगठन (BRO) का कुलागाड़ वैली ब्रिज पूरी तरह ध्वस्त हो गया। पुल का बड़ा हिस्सा टूटकर काली नदी में समा गया।

इस घटना के बाद धारचूला तहसील का करीब दो-तिहाई क्षेत्र मुख्य मार्ग से कट गया है, जिससे सीमांत इलाकों में आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है।

Ad

धारचूला-गुंजी मार्ग बंद होने से व्यास, दारमा और चौदास घाटियों का जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ सेना, एसएसबी (SSB) और आईटीबीपी (ITBP) के जवानों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस मार्ग के बंद होने से चीन सीमा से जुड़े इलाकों में भी आवागमन पर बड़ा असर पड़ा है।

कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग भी प्रभावित

पुल के ध्वस्त होने का असर कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर भी पड़ा है। मार्ग बाधित होने के कारण वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। सीमांत क्षेत्रों तक जरूरी सामान और लोगों की आवाजाही को लेकर भी चुनौती बढ़ गई है।

उत्तराखंड में 124 से अधिक सड़कें बंद

भारी बारिश और लगातार हो रहे भूस्खलन से सिर्फ पिथौरागढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड में सड़कें प्रभावित हुई हैं। 124 से अधिक मुख्य और ग्रामीण सड़कें मलबा आने के कारण बंद बताई गई हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग बंद सड़कों को खोलने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं।

मलबे ने ली जानें, पहाड़ों में दहशत

मूसलाधार बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का सिलसिला भी जारी है। धारचूला और आसपास के इलाकों में मकानों पर मलबा गिरने से मां-बेटे समेत तीन की दबने से दर्दनाक मौत की खबरें सामने आई हैं। लगातार बारिश के कारण सीमांत क्षेत्रों में खतरा बना हुआ है और लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।

कुल मिलाकर धारचूला में पुल टूटने की यह घटना सिर्फ आवागमन का संकट नहीं है, बल्कि सीमांत सुरक्षा, स्थानीय जनजीवन और कैलाश मानसरोवर यात्रा तीनों पर इसका सीधा असर पड़ा है।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें