
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। पर्यटन सीजन के बीच नैनीताल में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मल्लीताल स्थित बीडी पांडेय अस्पताल के समीप मुख्य मार्ग पर उत्तराखंड जल संस्थान का एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर दो महिला पर्यटकों पर चढ़ गया। हादसे में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे मौजूद दो महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में एक महिला की टांग बुरी तरह कुचल गई, जबकि दूसरी महिला के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं दिल्ली के गगन विहार क्षेत्र की निवासी हैं और अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने आई थीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
ट्रक की टक्कर से सड़क किनारे खड़ी कुछ टैक्सियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। चिकित्सकों ने दोनों महिलाओं को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से हल्द्वानी के हायर सेंटर भेज दिया।
गौरतलब है कि इन दिनों नैनीताल में पर्यटन सीजन चरम पर है। शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव और पर्यटकों की भारी भीड़ बनी हुई है। ऐसे में जरा सी लापरवाही या वाहन में तकनीकी खराबी भी बड़े हादसों का कारण बन सकती है। शुक्रवार की यह घटना भी पर्यटक नगरी में यातायात सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर कई सवाल खड़े कर गई है।
(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की रिपोर्ट)









