
भीमताल/ हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल जिले के नवागंतुक मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने मंगलवार को औपचारिक रूप से मुख्य विकास अधिकारी, नैनीताल के पद पर कार्यभार ग्रहण कर लिया।
कार्यभार संभालते ही उन्होंने विकास भवन, भीमताल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में संचालित विकास योजनाओं और कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
बैठक के दौरान जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी ने मुख्य विकास अधिकारी को ग्राम्य विकास विभाग सहित विकास से जुड़े विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी पाण्डे ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध कार्य और जनहित को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व विकास भवन, भीमताल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नवागंतुक मुख्य विकास अधिकारी का स्वागत किया गया। कार्यभार ग्रहण के बाद सीडीओ पाण्डे ने जिले के समग्र विकास को प्राथमिकता बताते हुए टीम भावना के साथ कार्य करने पर जोर दिया।









