नैनीताल के उत्पाद अब विश्व बाजार की ओर: जिला उद्योग केन्द्र में निर्यात प्रोत्साहन कार्यशाला

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। जिला उद्योग केन्द्र, हल्द्वानी द्वारा जनपद नैनीताल के अंतर्गत गुरुवार को जिला उद्योग केन्द्र सभागार में निर्यात प्रोत्साहन कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का उद्देश्य जनपद के अंतर्गत कार्यरत उद्यमियों एवं औद्योगिक इकाइयों द्वारा निर्मित उत्पादों के निर्यात (विदेश व्यापार) से संबंधित विभिन्न योजनाओं, प्रक्रियाओं तथा विपणन से जुड़ी तकनीकी जानकारियों को विशेषज्ञ संस्थाओं के माध्यम से उपलब्ध कराना था।

Ad

कार्यशाला में उद्यमियों को कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपेडा), निर्यात ऋण गारंटी निगम लिमिटेड (ईसीजीसी, मुरादाबाद), भारतीय उद्योग संस्थान काशीपुर, भारतीय निर्यात-आयात बैंक (एग्जिम बैंक) सहित अन्य विशेषज्ञ संस्थाओं द्वारा निर्यात से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर उत्पाद पंजीकरण, गुणवत्ता मानक, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, अंतरराष्ट्रीय विपणन, वित्तीय सहायता योजनाएं, बीमा सुरक्षा, लॉजिस्टिक व्यवस्था एवं वैश्विक बाजार तक पहुंच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

कार्यशाला में जनपद के लगभग 73 उद्यमियों एवं औद्योगिक इकाइयों ने प्रतिभाग कर निर्यात से संबंधित व्यावहारिक जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यशाला में पल्लवी गुप्ता (महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र हल्द्वानी), आरसी बिनजोला (अध्यक्ष, हिमालय चैम्बर ऑफ कॉमर्स), मनोज डागा (सचिव, हिमालय चैम्बर ऑफ कॉमर्स), कमलप्रीत कौर (एपेडा), संदीप व्यास (ईसीजीसी लिमिटेड) उपस्थित रहे।

वहीं ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मयंक मेहरा (भारतीय निर्यात-आयात बैंक), दिनेश विष्ट (मसाला बोर्ड), डॉ. राम कुमार (भारतीय प्रबंधन संस्थान, काशीपुर) द्वारा निर्यात से संबंधित समग्र, व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की गई।

कार्यशाला का उद्देश्य जनपद नैनीताल के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाकर उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा जिले को निर्यात-उन्मुख औद्योगिक विकास की दिशा में अग्रसर करना है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें