नैनीताल पुलिस: हालात ऐसे बने कि मल्लीताल कोतवाल हुए मजबूर

खबर शेयर करें -

नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल जिले में पुलिस विभाग की कार्यशैली, आंतरिक समन्वय और अधिकारियों पर बढ़ते कार्य दबाव को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विभागीय व्यवस्था पर उठते इन्हीं सवालों के बीच मंगलवार सुबह मल्लीताल कोतवाली से जुड़ी एक संवेदनशील घटना सामने आई है, जिसने पूरे पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है।

मल्लीताल कोतवाली के प्रभारी हेमचंद्र पंत द्वारा अपने सरकारी आवास में खुद को कमरे में बंद कर गंभीर कदम उठाने के प्रयास की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

Ad

सूत्रों के अनुसार, कोतवाल ने पुलिस अधिकारियों के व्हाट्सएप ग्रुप में एक संदेश भी भेजा, जिसके बाद स्थिति गंभीर हो गई। सूचना मिलते ही अधीनस्थ पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और बालकनी के रास्ते प्रवेश कर कमरे का दरवाजा तोड़कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।

सूत्रों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम के पीछे विभागीय स्तर पर चल रहा स्थानांतरण, कार्यमुक्ति और रिलीविंग से जुड़ा विवाद प्रमुख कारण माना जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, कोतवाल हेमचंद्र पंत की रिलीविंग तय किए जाने की भी चर्चा थी, जिससे विभागीय स्तर पर तनाव और असमंजस की स्थिति बनी हुई थी।

इसके साथ ही कोतवाली में तैनात एक महिला आरक्षी की रिलीविंग डेट तय किए जाने को लेकर लंबे समय से विवाद की स्थिति बताई जा रही है। इसी क्रम में शीर्ष अधिकारी और कोतवाल के बीच मतभेद की भी चर्चा है।

यह भी जानकारी सामने आई है कि संबंधित कोतवाल पूर्व से ही अल्मोड़ा जिले से नैनीताल में संबद्ध चल रहे थे। बताया जा रहा है कि हालिया रिलीविंग और स्थानांतरण से जुड़ी चर्चाओं व आदेशों के बाद स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।

घटना के बाद पुलिस विभाग में आंतरिक दबाव, कार्यस्थल पर तनाव और आपसी समन्वय को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर भी मामला तेजी से फैल रहा है, हालांकि विभागीय स्तर पर अभी तक इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।

फिलहाल कोतवाल सुरक्षित बताए जा रहे हैं और स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इस घटना नैनीताल पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली और मानसिक दबाव के मुद्दों पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

What’s your Reaction?
+1
4
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें