Nainital: होम स्टे योजना के नाम पर खेल खत्म! डीएम रयाल के एक्शन से 238 इकाइयों पर ताला

खबर शेयर करें -

नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल में होम स्टे व्यवस्था को पारदर्शी और नियमसम्मत बनाने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है।

डीएम के निर्देश पर चलाए गए व्यापक निरीक्षण अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले होम स्टे संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। अब तक 238 होम स्टे इकाइयों का पंजीकरण निरस्त किया जा चुका है, जबकि 91 संचालकों पर आर्थिक दंड लगाया गया है।

Ad

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जनपद की सभी तहसीलों में उप जिलाधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमों तथा पर्यटन विभाग ने संयुक्त रूप से होम स्टे इकाइयों का व्यापक निरीक्षण किया। जांच के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे मामले सामने आए, जिनमें होम स्टे संचालन निर्धारित नियमावली के विपरीत पाया गया। इसके आधार पर कुल 580 इकाइयों को नोटिस जारी किए गए।

प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए पूर्व में 55 तथा 10 जून 2026 तक 36 अन्य होम स्टे संचालकों सहित कुल 91 संचालकों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।

इसके अलावा नोटिसों के जवाब में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत न करने वाली इकाइयों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई। प्रशासन ने पूर्व में 150 तथा 10 जून तक 88 अन्य होम स्टे इकाइयों सहित कुल 238 होम स्टे का पंजीकरण निरस्त कर दिया।

जांच में सामने आया कि कई स्थानों पर होम स्टे स्वामी स्वयं इकाई में निवास नहीं कर रहे थे। कई इकाइयों में पार्किंग सुविधा नहीं मिली, जबकि कुछ होम स्टे होटल, कैफे अथवा रेस्तरां के रूप में संचालित पाए गए। कुछ मामलों में इकाइयों को लीज पर देकर व्यावसायिक उपयोग में भी लाया जा रहा था, जो नियमों के विपरीत है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट किया है कि होम स्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति से जोड़ना है।

इस व्यवस्था का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और प्रवर्तन की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें