
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। सपने देखने वाली बेटियों के लिए कृतिका साह की यह सफलता सिर्फ एक उपलब्धि नहीं, बल्कि हौसले और मेहनत की मिसाल है। नैनीताल की इस बेटी ने अपनी लगन के दम पर CSIR-UGC NET JRF में ऑल इंडिया 68वीं रैंक हासिल कर साबित किया कि जब लक्ष्य बड़ा हो और इरादे मजबूत, तो मंजिल तक पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता। उनकी यह कामयाबी कुमाऊँ विश्वविद्यालय का मान बढ़ाने के साथ ही उन बेटियों को भी आगे बढ़ने का हौसला देती है, जो अपने सपनों को पंख देने का जुनून रखती हैं।
भीमताल स्थित कुमाऊँ विश्वविद्यालय के जे.सी. बोस जैव प्रौद्योगिकी विभाग की शोध छात्रा कृतिका साह ने CSIR-UGC NET जून 2026 परीक्षा में Junior Research Fellowship (JRF) हासिल कर विभाग और विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। कृतिका साह ने देशभर में ऑल इंडिया 68वीं रैंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है।
CSIR-UGC NET जून 2026 के परिणाम हाल ही में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा घोषित किए गए। प्रतिष्ठित परीक्षा में जेआरएफ प्राप्त करना कृतिका साह की शैक्षणिक मेहनत, लगन और शोध के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
कृतिका साह डॉ. वीना पांडे के निर्देशन में शोध कार्य कर रही हैं। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जे.सी. बोस जैव प्रौद्योगिकी विभाग के शिक्षकों एवं सहपाठियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह अपने शोध कार्य के माध्यम से आगे भी विश्वविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।
कृतिका साह की इस सफलता से जे.सी. बोस जैव प्रौद्योगिकी विभाग और कुमाऊँ विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है।
(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की रिपोर्ट)









