
अल्मोड़ा, प्रेस 15 न्यूज। होली के रंग अभी बिखरे भी नहीं थे कि जिले में एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। गुरुवार को ताकुला–अल्मोड़ा मोटर मार्ग पर बसौली के समीप एक कार के गहरी खाई में गिरने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में 11 माह के मासूम समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कार संख्या डीएल-9-सी-बीएच-8402 ताकुला से अल्मोड़ा की ओर जा रही थी। बसौली के पास चालक अर्जुन कुमार (35) अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में 11 माह के रेहान पुत्र महेश आर्या, मंजू देवी (24) पत्नी गोपाल राम निवासी कांडे तथा दिनेश राम (45) पुत्र तिलराम निवासी झिझाड़ की मौके पर ही मौत हो गई। मासूम की मौत ने हर आंख को नम कर दिया।
दुर्घटना में महेश आर्या (28) निवासी थपनियां, गोपाल राम (50) पुत्र शेर राम, जया देवी (45) पत्नी महेश राम निवासी थपनिया, संजय कुमार (18) निवासी कांडे और चालक अर्जुन कुमार (35) पुत्र केशो राम निवासी फतेहपुर बेरी, साउथ दिल्ली गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही चौकी ताकुला पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और अल्मोड़ा से पहुंची फायर टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताकुला पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग झिझाड़ गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर दिल्ली लौट रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में गम और सन्नाटा पसरा हुआ है।









