पांच जून को भीमताल में सीएम धामी, हरियाली का महाअभियान, सीडीओ ने संभाली कमान

खबर शेयर करें -

भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित भीमताल दौरे की तैयारियां तेज हो गई हैं।

कार्यक्रम के तहत लगभग 3000 बोगनवेलिया पौधों का रोपण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में हरित वातावरण को बढ़ावा मिलने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश भी जाएगा। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Ad

मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पांडे ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सीडीओ अरविन्द कुमार पांडे ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में आयोजित होने वाला यह विशेष कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। उन्होंने कहा कि 3000 बोगनवेलिया पौधों का रोपण क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ हरित आवरण को मजबूत करेगा और आने वाले समय में भीमताल की प्राकृतिक पहचान को और समृद्ध बनाएगा।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने उद्यान विभाग के अधिकारियों को पौधारोपण की सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने, पौधों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा उनके संरक्षण और रखरखाव की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन को भी सुनिश्चित करना है।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल एवं गरिमामय बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को पौधारोपण स्थल, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड की झीलों को नया स्वरूप देने और पर्यटन सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में धामी सरकार लगातार कदम बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर नैनीताल जिले की प्रमुख झीलों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास के लिए 46 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं पर काम किया जा रहा है।

इसी क्रम में आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने भी बीते शनिवार को विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया था।

बताते चलें कि भीमताल झील के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए करीब 25.67 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की गई है। इसके तहत झील के आसपास स्थित पार्कों का पुनर्विकास, बोटिंग डॉक का विकास, 4210 मीटर लंबा कॉबल स्टोन पैदल मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सोलर स्ट्रीट लाइटिंग और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

वहीं, नौकुचियाताल झील के सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 20.97 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है। इसके अंतर्गत बोटिंग स्टैंड, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, फ्लोटिंग जेट्टी, पार्किंग, 2089 मीटर लंबा पैदल मार्ग, व्यूपॉइंट्स, लैंडस्केपिंग और सोलर लाइटिंग जैसी सुविधाएं विकसित होंगी।

कमलताल क्षेत्र को भी पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की योजना है। यहां ओपन शॉपिंग प्लाजा, पैदल पुल, पैदल मार्ग, पार्किंग, सोलर लाइटिंग और लैंडस्केपिंग जैसे कार्य प्रस्तावित हैं, जिससे यह क्षेत्र एक नए पर्यटन आकर्षण के रूप में उभरेगा।

भवाली स्थित मल्टीलेवल पार्किंग एवं व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। करीब 96 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और इसके शुरू होने पर 124 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी।

इसके अलावा नैनीताल शहर में पार्किंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मल्लीताल स्थित सरोवर पार्किंग परियोजना और नैनीताल क्लब के समीप प्रस्तावित ऑटोमेटेड पार्किंग परियोजना की भी समीक्षा की गई। इन परियोजनाओं के पूरा होने से सैकड़ों वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी और यातायात दबाव कम होगा।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें