
चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ विजन को आगे बढ़ाते हुए जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है।
शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) अमोड़ी का विधिवत शुभारंभ कर यहां ओपीडी और इनडोर सेवाएं शुरू कर दी गईं। इससे अमोड़ी समेत आसपास के 24 से अधिक गांवों के हजारों लोगों को अब प्राथमिक उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
उप जिलाधिकारी विपिन चंद्र पंत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान तथा जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ किया। गौरतलब है कि इस भवन का लोकार्पण 29 जून को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया था।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक और फार्मेसी अधिकारी की तैनाती कर दी गई है। अस्पताल को आवश्यक आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और पर्याप्त दवाइयों से सुसज्जित किया गया है। साथ ही चार बेड की व्यवस्था भी की गई है, जिससे जरूरत पड़ने पर मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जा सके।
शुभारंभ के पहले ही दिन स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित रहीं। ओपीडी में 20 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाइयां और चिकित्सीय परामर्श दिया गया, जबकि एक मरीज को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। स्थानीय लोगों ने वर्षों से चली आ रही मांग पूरी होने पर खुशी जताई।
ग्रामीणों का कहना है कि अब सामान्य बीमारियों और प्राथमिक उपचार के लिए मैदानी क्षेत्रों के अस्पतालों पर निर्भरता काफी कम होगी और समय पर इलाज मिलने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश मंत्री सूरज प्रहरी, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुंदर बोहरा, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि तथा अमोड़ी व आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









