
लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। जूनियर हाईस्कूल फोर्ती के दो मेधावी विद्यार्थियों अस्मिता और आयुष जुकरिया ने मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना में चयनित होकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कक्षा छह में अध्ययनरत दोनों विद्यार्थियों का परीक्षा के बाद छात्रवृत्ति के लिए चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक लक्ष्मण सिंह मेहता ने बताया कि दोनों विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति के रूप में मिलने वाला नियमित आर्थिक प्रोत्साहन विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि, उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करेगा।
तीन साल तक मिलेगी छात्रवृत्ति
चयनित विद्यार्थियों को तीन वर्षों तक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। कक्षा छह में ₹600 प्रतिमाह, कक्षा सात में ₹700 प्रतिमाह और कक्षा आठ में ₹800 प्रतिमाह की छात्रवृत्ति मिलेगी। इस तरह प्रत्येक विद्यार्थी को तीन वर्षों में कुल ₹25,200 की आर्थिक सहायता प्राप्त होगी।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने वाली यह योजना शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल है। इससे सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि वाले मेधावी बच्चों को आगे बढ़ने का हौसला मिलेगा और उनकी प्रतिभा को बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
अस्मिता और आयुष की सफलता पर ग्राम प्रधान रेनू बगौली, उप प्रधान ललित मोहन, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य शंकर बगौली, क्षेत्र पंचायत सदस्य सोनू चौबे, सामाजिक कार्यकर्ता योगेश बगौली सहित शिक्षक कमल राय, जया जोशी, ओमप्रकाश बगौली, रश्मि, आशा आर्या और मदन उपाध्याय समेत क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता जताई। सभी ने दोनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।









