Lohaghat News: ITBP के हिमवीरों का जोश हाई, साइकिलिंग से हैंडबॉल तक मैदान में दिखा दमखम

खबर शेयर करें -

लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर 36वीं वाहिनी आईटीबीपी, लोहाघाट में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कमांडेंट संजय कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिमवीर जवानों को नियमित खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के तहत ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ थीम पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसमें वाहिनी के हिमवीर पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। साइकिलिंग, टेबल टेनिस, बैडमिंटन और हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में जवानों ने अपनी खेल प्रतिभा और फिटनेस का शानदार प्रदर्शन किया।

Ad

खेल भावना और अनुशासन के साथ दिखाया दमखम

प्रतियोगिताओं के दौरान हिमवीर जवानों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जवानों ने पूरे जोश के साथ प्रतिभाग करते हुए खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। खेल मैदान में प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ जवानों के बीच आपसी सौहार्द और टीम भावना भी देखने को मिली।

फिटनेस के साथ मानसिक स्वास्थ्य पर जोर

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जवानों को फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना भी रहा। नियमित खेलकूद को जवानों के शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें दैनिक जीवन में खेलों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान हिमवीर जवानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए ‘स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और सशक्त राष्ट्र’ का संदेश दिया। अधिकारियों ने भी जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में 36वीं वाहिनी आईटीबीपी के सभी हिमवीर पदाधिकारी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस आयोजन ने जवानों में फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को और मजबूत किया।

(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट)

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें