कॉरपोरेट की नौकरी छोड़ कालाढूंगी-कोटाबाग के युवाओं का भविष्य संवार रहे गुंजन तिवारी

खबर शेयर करें -

कोटाबाग, प्रेस 15 न्यूज। पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के संस्थापक एवं समाजसेवी गुंजन तिवारी लगातार कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा के माध्यम से जन-जन के दिलों में अपनी जगह बनाते जा रहे हैं। शिक्षा, नशा मुक्ति, स्वरोजगार, बेहतर स्वास्थ्य और सनातन संस्कृति के संरक्षण को लेकर उनके द्वारा चलाए जा रहे सेवा प्रकल्पों की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।

गुरुवार को कोटाबाग में उनके नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण की त्रिवेणी प्रवाहित होती नजर आई, जहां ज्ञान, भक्ति और खेल का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Ad

कार्यक्रम की शुरुआत कोटाबाग लाइब्रेरी से हुई। यहां गुंजन तिवारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई ही वह हथियार है, जो गरीबी और नशे दोनों को हरा सकती है। किताबों और संस्कारों से जुड़ो, तभी राष्ट्र मजबूत होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि लाइब्रेरी और अधिक सशक्त ढंग से संचालित हो, इसके लिए पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन हरसंभव आर्थिक सहयोग करेगा।

इसके बाद उन्होंने आचार्य श्री कपिल देव महाराज द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचकर आध्यात्मिक चेतना और चरित्र निर्माण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक है, जब उसमें संस्कार और आध्यात्मिकता का समावेश हो।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में बच्चों और युवाओं को वॉलीबॉल एवं नेट वितरित किए गए। इस अवसर पर “नशा मुक्त, खेल युक्त कोटाबाग” का संकल्प दोहराते हुए गुंजन तिवारी ने कहा कि हमारे बच्चे स्टेडियम में दौड़ें, नशे की दलदल में नहीं। खेल से अनुशासन आएगा और देश का नाम रोशन होगा।

इस जनसेवा के कार्य में लाइब्रेरी संचालक गीता बुढ़लाकोटी, छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक जोशी एवं गिरीश पढ़ालनी की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने एक स्वर में युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और संस्कारों से जुड़ने का संदेश दिया।

गौरतलब है कि सनातन परंपराओं में अटूट विश्वास रखने वाले गुंजन तिवारी लगातार ऐसे सामाजिक प्रकल्पों को आगे बढ़ा रहे हैं, जिनसे उनके भीतर समाज को बेहतर बनाने का जुनून साफ झलकता है।

बताते चलें कि करीब पांच साल पहले गुंजन तिवारी दिल्ली-एनसीआर के कॉरपोरेट जगत की एक अच्छी-खासी नौकरी छोड़कर अपनी जन्मभूमि उत्तराखंड लौटने का फैसला किया, ताकि वे अपने क्षेत्र और समाज के लिए कुछ सार्थक कर सकें।

आज वे नशा मुक्ति, स्वरोजगार के लिए ब्याज मुक्त ऋण, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और जनमुद्दों की मुखर आवाज बनकर उभरे हैं। क्षेत्र में उनकी लगातार बढ़ती सक्रियता और जमीनी पकड़ की चर्चा आम लोगों के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी हो रही है।

जहां एक ओर जनता उनके सेवा प्रकल्पों का मुक्तकंठ से स्वागत कर रही है, वहीं राजनीतिक क्षेत्र के कई धुरंधर भी दबी जुबान में उनके सामाजिक कार्यों की सराहना करते नजर आ रहे हैं।

What’s your Reaction?
+1
2
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें